-बेगमपुर थाने की रोेहिणी सेक्टर 24 इलाके की घटना
-पीड़ित ने बताया, कई दिन से अंतरराष्ट्रीय नंबर से हिमांशु भाऊ के नाम से मिल रही थी धमकी
-पुलिस मामला दर्ज कर हमला करने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
रोहिणी जिला के बेगमपुर इलाके में शुक्रवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर की कार पर ताबड़तोड़ गोलीबारी की। हालांकि वारदात में कोई हताहत नहीं हुआ है। शुरुआती जांच में पता चला कि प्रॉपर्टी डीलर को कुछ दिन से अंतरराष्ट्रीय नंबर से लगातार रंगदारी मांगी जा रही थी, लेकिन पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की थी। हिमांशु भाऊ गैंग के सदस्यों पर शक है। रोहिणी जिला पुलिस सहित दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और क्राइम ब्रांच ने मामले की छानबीन शुरू की है।
रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि शुक्रवार करीब 5.23 बजे बेगमपुर थाना पुलिस को एक कार पर गोलीबारी की शिकायत मिली। सूचना मिलते ही पुलिस सेक्टर-24, रोहिणी स्थित मौके पर पहुंची। जहां एक नीली टोयोटा इनोवा मिली जिसके आगे की विंडशील्ड पर गोली के निशान थे। जांच में पता चला कि कार एक प्रॉपर्टी डीलर की है। उसने बताया कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने कार पर करीब दो दर्जन से अधिक गोलीबारी की। लेकिन गोलीबारी में कार में सवार कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ। पुलिस को सड़क पर काफी खोखा बिखरे हुए मिले। पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर ने पुलिस को बताया कि 26 दिसंबर से 29 दिसंबर के बीच उसे एक अनजान अंतरराष्ट्रीय नंबर से लगातार कई व्हाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज आ रहे थे। जिसमें खुद को हिमांशु भाऊ बताने वाला गैंगस्टर उससे करोड़ों रुपये की रंगदारी मांग रहा था। उसने पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी।