Delhi NCR News today in Hindi: राजधानी दिल्ली के वेलकम इलाके में जींस के कारोबारी नदीम की हत्या और ज्योति नगर इलाके में एक कारोबारी के घर पर गोलीबारी के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इन मामलों में शामिल तीन नाबालिगों को पकड़ा है।
राजधानी दिल्ली के वेलकम इलाके में जींस के कारोबारी नदीम की हत्या और ज्योति नगर इलाके में एक कारोबारी के घर पर गोलीबारी के मामले को पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने इन मामलों में शामिल तीन नाबालिगों को पकड़ा है। एक नाबालिग ने खुलासा किया है कि उसने नदीम से कर्ज लिया था, जिसके बदले में उसने दोगुना रकम वापस कर दिया। बावजूद मृतक उस पर पैसे वापस करने का दबाव बना रहा था और इस बात को लेकर अपमानित और मारपीट करता था। जिसका बदला लेने के लिए उनलोगों ने कारोबारी की हत्या कर दी।
विज्ञापन
ज्योति नगर में कारोबारी के घर पर गोलीबारी करने को लेकर आरोपियों ने खुलासा किया है कि एक स्थानीय बदमाश के कहने पर उन लोगों ने कारोबारी के घर पर गोलीबारी की है। जिसकी पुलिस पुष्टि करने में जुटी है। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से तीन पिस्टल और छह कारतूस बरामद किए हैं।
दरअसल वेलकम इलाके के कबीर नगर इलाके में शुक्रवार रात बाइक सवार बदमाशों ने जींस कारोबारी और उनके दोस्त पर गोली चला दी थी। गोलीबारी में कारोबारी की मौत हो गई, जबकि दोस्त घायल है। मृतक की शिनाख्त नदीम के रूप में हुई है। वहीं दोस्त का नाम शाहनवाज है। नदीम का कबीर नगर में जींस का कारोबार था। नदीम घटना के समय स्कूटी से घर पर खाना खाने के लिए घर आ रहे थे। रात करीब एक बजे तीन बदमाशों ने उनपर ताबड़तोड़ गोली चला दी और वहां से फरार हो गए।