उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार फायरिंग की ये घटना बुधवार सुबह पांच बजे की है। लोक विहार, ए-ब्लाक प्रीतम पुरा में रहने वाले साहिल जैन ने पुलिस को सुबह पीसीआर कॉल की थी कि मेरी कार-डीएल 2सी- ए2 290-- फायरिंग हुई। मेरी गाड़ी में तीन से पांच गोलियां लगी हैं। सामने वाले घर पर गोलियां लगी हैं। कॉलर साहिल ने ये भी बताया कि मोटरसाइकिल पर दो लड़के आए थे। सूचना के बाद जिले के सभी आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर पुलिस को पीड़ित साहिल जैन मिले। क्राइम टीम को मौके पर तुरंत बुलाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। एक जगह आरोपी फायरिंग करते व फरार होते हुए नजर आ रहे हैं, मगर उसमें ज्यादा स्पष्ट रूप से नहीं दिखाई दे रहा है। घटनास्थल पर स्पेशल सेल व अपराध शाखा की टीमें भी पहुंचीं। घटना के बाद जिले में नाकेबंदी कर दी गई थी।
बताया जा रहा है कि साहिल पर अवैध कॉल सेंटर के कारोबार का भी आरोप है। साहिल जैन ने पुलिस को बताया है कि साल 2021 में लारेंस बिश्नोई ने खुद कॉल करके धमकी दी थी। लारेंस बिश्नोई ने कॉल पर धमकी देते हुए कहा था ‘तुझे और तेरे परिवार को कच्चा चबा जाऊंगा’। इस मामले में लारेंस बिश्नोई का साहिल यानि गूगल को धमकी देने वाला ऑडियो भी वायरल हुआ था। वहीं उस ऑडियों क 6 साल बाद हुई इस घटना के बाद अब पुलिस फायरिंग की जांच में जुट गई है और साहिल से भी पूछताछ कर जानकारी जुटाई जा रही है।
यह बोले पुलिस अधिकारी
उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया, "सुबह करीब पांच बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की। घटना का संज्ञान लेते हुए हमने तुरंत क्राइम टीम को मौके पर बुलाया और जांच शुरू कर दी। हम साक्ष्यों की जांच कर रहे हैं और आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।"