नई दिल्ली के खजूरी खास इलाके में शनिवार शाम अज्ञात हमलावरों ने एक पोलिंग एजेंट के घर पर फायरिंग कर दी। गोली पड़ोस के छत पर मौजूद एक बुजुर्ग महिला के सिर में लग गई। उसे तुरंत उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला की पहचान गुलफ्शां बेगम(62) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि पोलिंग एजेंट का कुछ युवकों ने मतदान केंद्र पर कहासुनी हो गई थी। जिसका बदला लेने के लिए आरोपी युवक पोलिंग एजेंट के घर पहुंचकर फायरिंग की। खजूरी खास थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक गुलफ्शां बेगम पति निजाम व बच्चों के साथ नेहरू विहार में रहती थी। शुक्रवार शाम गुलफ्शां अपने छत पर थी। गली में कुछ लड़के गाली गलौज कर रहे थे। गुलफ्शां ने उनलोगों को देखा। सभी युवक उसके पड़ोस में रहने वाले यामीन के घर के बाहर शोर मचा रहे थे। शोर मचा रहे युवकों में से एक ने हवा में गोली चला दी। गोली गुलफ्शां के सिर में लगी।
गोली चलते ही आरोपी हो गए फरार
गोली चलते ही आस-पास के लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों को आते देख सभी आरोपी वहां से फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की। जांच में पता चला कि यामीन मतदान में एजेंट बना था। एक युवक का चेहरा पहचान पत्र से नहीं मिलने पर उसने युवक को रोक दिया था। इस वजह से यामीन की युवक से कहासुनी हो गई थी।
शाम को आरोपी अपने दोस्तों के साथ यामीन से बदला लेने के लिए उसके घर पर पहुंच गया और हंगामा करने के बाद गोली चलाकर फरार हो गया। घटना के बाद गुलफ्शां के परिवार वालों ने यामीन के घर पर पथराव कर दिया। परिवार वालों का कहना है कि यामीन की वजह से ही गुलफ्शां की मौत हुई है। खजूरी खास थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
भाजपा कार्यालय पर हमला, तीन गाड़ियां तोड़ी
वहीं मटियाला विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार राजेश गहलोत के ककरौला स्थित कार्यालय पर शुक्रवार देर रात अज्ञात लोगों ने तोड़फोड़ की। हमलावरों ने कार्यालय के बाहर खड़ी कारों के शीशे तोड़ दिए।
लोगों ने दो हमलावरों को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि दोनों हमलावर आप पार्टी के समर्थक थे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों से पूछताछ कर उन्हें छोड़ दिया गया। इस बाबत कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है।
दिल्ली चुनाव छह बजे मतदान का समय खत्म हो जाने के बाद भी दिल्ली के कई इलाकों में मतदान जारी रहा। चुनाव अधिकारियों के मुताबिक छह बजे तक जिन मतदाताओं ने पोलिंग स्टेशन के अंदर प्रवेश कर लिया था या कतार में थे।
उनका वोट दिलाने के बाद ही मतदान प्रक्रिया बंद की गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सात बजे तक करीब चार हजार मतदाता पूरी दिल्ली में अलग अलग स्टेशनों पर कतार में लगे हुए थे। इसमें मुस्तफाबाद, ओखला, गोकलपुर, बवाना, बुराड़ी समेत अन्य विधान सभा में खड़े इन मतदाताओं को वोट दिलाने की प्रक्रिया रात करीब आठ बजे तक चलती रही।