दमकल की 18 गाड़ियों ने पाया काबू, कोई हताहत नहीं
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका, कच्चा-तैयार माल जलकर राख
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। नरेला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित एक प्लास्टिक फैक्टरी में बृहस्पतिवार सुबह अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में बेसमेंट से लेकर ऊपर की मंजिल तक चपेट में आ गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 18 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन बेसमेंट में रखा प्लास्टिक का कच्चा माल व तैयार सामान जलकर राख हो गया।
दमकल विभाग के अनुसार, सुबह करीब 9:22 बजे पीवीसी प्लास्टिक दाना बनाने वाली फैक्टरी में आग लगने की सूचना मिली। चार गाड़ियों को भेजा गया, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए 14 और गाड़ियां बुलानी पड़ीं।
जांच में पता चला कि आग फैक्टरी के बेसमेंट से शुरू हुई, जहां बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री रखी थी। धुएं के गुबार से आसपास अफरा-तफरी मच गई। दमकल टीम ने पहले कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला, फिर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कूलिंग ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है ताकि दोबारा आग न भड़के। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई गई है। पुलिस व दमकल विभाग मामले की छानबीन कर रहे हैं। खबर लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है।