कीर्ति नगर स्थित फर्नीचर मार्केट में रविवार तड़के एक दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग एक अन्य दुकान और दो गोदाम में भी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंची और करीब साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस आग लगने के कारणों और नुकसान का आकलन कर रही है।
पुलिस के अनुसार रविवार तड़के करीब पौने चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि कीर्ति नगर स्थित फर्नीचर मार्केट के एक दुकान में आग लग गयी है। सूचना मिलते ही दमकलकर्मी छह गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंच गए, लेकिन तब तक आग ने भयावह रूप ले लिया था। एक अन्य दुकान और दुकानों के पीछे स्थित दो गोदाम में आग फैल चुकी थी। दमकल कर्मियों ने छह अन्य वाहनों को मौके पर मंगाकर आग पर काबू करने की कोशिश शुरू कर दी।
घटना के समय दुकान बंद होने की वजह वहां कोई मौजूद नहीं था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आग में दो दुकान और दो गोदाम पूरी तरह से जलकर राख हो गई। लाखों का सामान जलकर राख हो गया है। पुलिस ने आशंका जताई है कि आग शार्ट सर्किट की वजह से लगी है।