हल्दीराम की सेक्टर-68 ए-11 स्थित फैक्ट्री में बुधवार रात भीषण आग लग गई। यहां भूतल पर नमकीन का उत्पादन और प्रथम तल पर पैकेजिंग का काम होता है।
फैक्ट्री में पैकेजिंग के लिए काफी मात्रा में गत्ते और प्लास्टिक का सामान रखा था। साथ ही उत्पादन के लिए नमकीन बनाने के लिए तेल भी रखा था। इसकी वजह से आग ने थोड़ी देर में ही पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया था।
फैक्ट्री में आग लगने की ये घटना रात करीब आठ बजे हुई। प्रथम तल पर आग शुरू हुई। आग की सूचना पर नोएडा के अलग-अलग अग्निशमन कार्यालय से निकली दमकल की गाड़ियां जाम में फंस गईं।
इस वजह से दमकल गाड़ियों को मौके पर पहुंचने में थोड़ी देरी हुई। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया जा रहा था। आग को काबू करने के लिए नोएडा, ग्रेटर नोएडा सहित गाजियाबाद से भी दमकल की गाड़ियों को बुलाया गया था।
सूचना पाकर सिटी मजिस्ट्रेट महेन्द्र कुमार सिंह और जिलाधिकारी बीएन सिंह भी मौके पर पहुंचे। खबर लिखे जाने तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं थी।