शालीमार बाग इलाके में सिगरेट देने से मना करने पर बदमाशों ने एक कारोबारी को गोली मार दी। उसे पुलिस ने घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित की पहचान उत्तराखंड के रूद्रपुर निवासी आमिर खान (23) के रूप में हुई है। वह अपने दोस्त से मिलने दिल्ली आया था और शालीमार बाग इलाके में रुका था। पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर फरार बदमाशों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक आमिर खान का उत्तराखंड में कपड़े का कारोबार है। पुलिस को बुधवार रात 11 बजे एक युवक को गोली मारे जाने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवक की छाती पर घाव है। उसे तुरंत इलाज के लिए फोर्टिज अस्पताल में भर्ती कराया।
जांच में पता चला कि आमिर अपने दोस्त पारस अरोड़ा से मिलने दिल्ली आया था। रात में दोनों डीटी मॉल के पास खड़े होकर सिगरेट पी रहे थे। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवकों ने उनसे सिगरेट मांगा। देने से मना करने पर एक युवक से आमिर पर गोली चला दी।