पीतमपुरा की चार मंजिला इमारत में आग लगने से तीन महिलाओं समेत कुल छह लोगों की जान चली गई। शुरुआती जांच के बाद आशंका जताई जा रही है कि हीटर या किसी अन्य उपकरण की वजह से अपर ग्राउंड फ्लोर पर पहले आग लगी। इसके बाद आग ने पहली मंजिल को चपेट में ले लिया। इन दोनों ही फ्लोर के लोग सुरक्षित निकल गए, लेकिन दूसरी और तीसरी मंजिल पर चार महिलाओं समेत कुल सात लोग फंस गए। ऊपरी मंजिलों पर मौजूद लोग चाहकर भी नहीं निकल पाए। ज्यादातर लोगों का वहीं पर दम घुट गया, जिसमें से छह की मौत हो गई।
एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। आग पर काबू पाने के बाद अधिकारियों ने जब इमारत के बिजली के मीटर और वायरिंग की जांच की तो वह सुरक्षित पाए गए। आशंका व्यक्त की जा रही है कि अपर ग्राउंड फ्लोर पर चल रहे हीटर या किसी दूसरे सामान की वजह से आग भड़की। आग की सही वजहों का पता जांच के बाद ही चल पाएगा।