नई दिल्ली। नई दिल्ली जिले में कृषि भवन में स्थित लाइब्रेरी में मंगलवार दोपहर को आग लग गई। मामले की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की आठ गाड़ियां मौके पर पहुंची और आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। आग में कोई हताहत नहीं हुआ है। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। दमकल विभाग के मुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 1.04 बजे भूतल पर स्थित कृषि भवन की लाइब्रेरी में आग लगने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही आस पास के दमकल केंद्र से आठ गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। दमकल कर्मियों ने वहां मौजूद लोगों को हटाकर करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। शुरुआती जांच में पता चला कि एसी में शार्ट सर्किट होने से आग लगी थी और पूरे लाइब्रेरी में फैल गई। आग की चपेट में आने से लाइब्रेरी में रखा फर्नीचर व अन्य सामान जल गया। स्थानीय पुलिस आग लगने के कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन कर रही है। ब्यूरो