उत्तरी दिल्ली के मजनू का टीला इलाके में रविवार दोपहर अचानक चलती डीटीसी की इलेक्ट्रिक बस में आग लग गई। बस से धुआं निकलना शुरू हुआ तो अंदर अफरा-तफरी मच गए। बस में 25 से 30 सवारियां मौजूद थी। चालक ने तुरंत बस को रोककर दरवाजे खोल दिए और सवारियों को सुरक्षित उतारा। बाद में देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही नजदीकी दमकल केंद्र से 3 गाड़ियां मौके पर पहुंची। किसी तरह करीब एक घंटे में आग पर काबू पाया गया। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बस चालक ने सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टाल दिया।
बस में आग लगने की वजह से रिंग रोड पर भयंकर जाम लग गया। कई घंटे आईएसबीटी की ओर जाने वाले कैरिज वे पर वाहन रेंगते रहे। खबर मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। बाद में बस को कब्जे में ले लिया गया। क्राइम टीम को मौके पर बुलाकर आग की वजहों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रविवार दोपहर करीब 2.43 बजे उनकी टीम को सूचना मिली कि रिंग रोड, मजनू का टीला गुरुद्वारे के पास आईएसबीटी की ओर जाने वाली सड़क पर डीटीसी की इलेक्ट्रिक बस में आग लग गई है। खबर मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं।
रिंग रोड पर करीब 50 मीटर पहले सड़क पर यातायात रुका हुआ था। ऐसे में दमकल की गाड़ियों को रांग साइट से मौके पर पहुंचना पड़ा। बस में आग लगने के दौरान लोग अपने-अपने मोबाइल से वीडियो बनाने में लगे रहे। दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। आग से बस पूरी तरह जल गई। दमकल कर्मियों ने आसपास मौजूद लोगों को दूर हटने के लिए कहा। दरअसल लिथियम की बैटरी में विस्फोट होने की आशंका रहती है। ऐसे में बेहद सावधानी से आग को बुझाया गया। वहीं शुरुआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि शार्ट सर्किट की वजह से आग लगी। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।