तिगरी में गैस सिलेंडर फटने से लगी आग
- फोटो : ani
संगम विहार के तिगड़ी जेजे कैंप के पास शनिवार देर शाम करीब 7:00 बजे खाना बनाते वक्त गैस सिलेंडर फट गया, जिससे झुग्गी में आग लग गई। सिंलेंडर फटने से एक महिला समेत छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे की जानकारी स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की आठ गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती छानबीन में पता चला है कि एक घर में खाना बन रहा था। उस दौरान अचानक से सिलेंडर में आग लग गई।
साउथ दिल्ली डीसीपी अतुल कुमार ठाकुर ने बताया कि शाम को सूचना मिली थी कि जेजे कैंप तिगड़ी की एक झुग्गी में सिलेंडर फटने से आग लग गई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल ने कड़ी मशक्कत कर लोगों को बाहर निकाला।
पुलिस ने बताया कि इस घटना में एक महिला समेत पांच-छह लोग झुलस गए हैं, जिन्हें पास के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं आग लगने की घटना के बाद आस-पास के झुग्गी वाले भी आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। लोगों ने बाल्टी में पानी भरकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन उसकी लपटों से वह पीछे हट गए। हादसे का शिकार हुए ज्यादातर लोग मजदूरी कर अपना भरण-पोषण करते हैं। पुलिस का कहना है कि झुलसे लोगों का अभी नाम-पता नहीं मिल पाया है।