नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के नॉर्थ कैंपस स्थित दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के कार्यालय में मंगलवार रात आग लग गई। घटना में सोफा और फर्नीचर को नुकसान पहुंचा है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के अनुसार, रात 11:53 बजे लॉ सेंटर-1 स्थित डूसू कार्यालय में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अधिकारियों के मुताबिक, आग कार्यालय के सोफा और फर्नीचर तक ही सीमित रही और दमकलकर्मियों ने समय रहते उस पर काबू पा लिया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। ब्यूरो