गीता कॉलोनी में रविवार सुबह चार मंजिला इमारत के भूतल पर आचार की दुकान के बिजली मीटर में शार्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आननफानन में दुकान में मौजूद आधा दर्जन कर्मचारी सामने के दरवाजे से बाहर निकल गए, लेकिन काम करने वाले बुजुर्ग दंपती फंस गए। कुछ देर में ही आग ने भीषण रूप ले लिया।
मौके पर पहुंचे हवलदार गौरव पड़ोसी के घर से दुकान की छत पर पहुंचा और दरवाजे को तोड़कर चौथी मंजिल पर फंसे दंपती को सकुशल बाहर निकाल लिया। वहीं, दमकलकर्मियों ने एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया।
पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह 11:04 बजे झील खुरंजा में अचार की दुकान में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद गीता कालोनी थाना प्रभारी सत्यवान के साथ एएसआई बिशन दत्त जोश, विकास, हवलदार गौरव, हिमांशु, तरुण व दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। इस बीच आग पूरे मकान में फैल चुकी थी। पुलिसकर्मियों को पता चला कि दुकान में काम करने वाले मलकागंज निवासी होती लाल (62) व पत्नी चंद्रावती (61) अंदर फंसे हुए हैं। पुलिसकर्मी तुरंत पड़ोसी के घर से दुकान की छत पर पहुंचे तो दरवाजा अंदर से बंद था।
पुलिसकर्मियों ने दरवाजा तोड़ा और अंदर गए। इमारत में धुआं भरा हुआ था। पुलिसकर्मियों ने देखा कि धुएं के बीच बुजुर्ग दंपती चौथी मंजिल पर फंसे हुए हैं। इसके बाद हवलदार गौरव ने जान की परवाह न करते हुए महिला को कंधे पर उठाया और छत के जरिये पड़ोसी के मकान में ले गया। इसी तरह से बुजुर्ग को भी बाहर निकाला गया। धुएं की वजह से बुजुर्ग को सांस लेने में दिक्कत आ रही थी। दोनों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया जिन्हें बाद में छुट्टी दे दी गई।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त रोहित मीणा ने बताया कि पुलिसकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बुजुर्ग दंपती की जान बचाई। सराहनीय काम के लिए पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।