अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। ज्वालापुरी इलाके में मंगलवार तड़के एक बहुमंजिला फैक्टरी में आग लग गई। दमकल विभाग की 11 गाड़ियों ने पांच घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारी ने बताया कि आग की सूचना सुबह 5:40 बजे मिली। यह फैक्टरी पीरागढ़ी चौक के पास स्थित थी। शुरुआत में नौ दमकल गाड़ियां भेजी गईं, बाद में दो और गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल टीम ने सुबह 10:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया। यह 300 वर्ग गज में बनी इमारत थी जिसमें भूमिगत तल, भूतल और चार मंजिलें थीं। आग रबड़ मेट, हेलमेट और जूते बनाने वाली विभिन्न इकाइयों में लगी थी। घटना में कोई भी हताहत नहीं हुआ।