नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के नारायणा इलाके में आयुर्वेदिक दवा के कार्यालय का ताला तोड़कर दो लैपटॉप चोरी करने के आरोप में पुलिस ने 21 वर्षीय गणेश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दोनों लैपटॉप बरामद कर लिए हैं। पश्चिमी पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी. स्वामी ने बताया कि कार्यालय के मालिक आशीष ने 12 अक्तूबर की शाम कार्यालय बंद किया था। अगले दिन सुबह पहुंचने पर ताला टूटा मिला और दो लैपटॉप गायब थे। 15 अक्तूबर को मामला दर्ज कर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की। पुलिस ने उसे रिंग रोड स्थित पीडब्ल्यूडी पार्क के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी कीर्ति नगर का रहने वाला है। मामले में आगे की जांच जारी है।