बवाना एरिया के पूठखुर्द स्थित डीएसआईडीसी इलाके में बुधवार सुबह हेलमेट बनाने वाली चार मंजिला एक फैक्टरी में भीषण आग लग गई। हादसे में आशीष (18) नामक एक कर्मचारी की मौके पर ही जलकर मौत हो गई जबकि दो दमकलकर्मी मंजीत और कुलजीत जख्मी हो गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। बवाना थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है। पुलिस सभी एंगल से जांच कर ही है।
दमकल विभाग के डिविजनल अधिकारी राजेंद्र अटवाल ने बताया कि सुबह करीब 9.49 बजे सूचना मिली कि बवाना डीएसआईडीसी एरिया में वीर धर्म कांटा के पास एक फैक्टरी में आग लग गई है। खबर मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंची। यहां चार मंजिला इमारत में हेलमेट बनाने का काम हो रहा था। आग लगते ही ज्यादातर मजदूरों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचा ली।
चौथी मंजिल पर काम कर रहा आशीष ऊपर फंस गया। टीम ने आग पर काबू पाने का काम शुरू किया। दोपहर करीब 2.10 बजे दमकल की 23 गाड़ियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। बाद में टीम ऑक्सीजन सिलिंडर और मास्क पहनकर इमारत में दाखिल हुई। चौथी मंजिल पर पुलिस को एक युवक का जला हुआ शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान सुल्तानपुर डबास निवासी आशीष के रूप में हुई। आशीष पिछले कई माह से फैक्टरी में काम कर रहा था। पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है। उसके परिवार को खबर दे दी गई है। बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
आग पर काबू पाने दौरान फायर ऑपरेटर मंजीत धुएं की चपेट में आकर बेहोश हो गया। उसे फौरन अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं दूसरा फायर ऑपरेटर कुलजीत आग पर काबू पाने के दौरान जख्मी हो गया। मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फैक्टरी में प्लास्टिक का सामान ज्यादा था। इस वजह से आग तेजी से फैली। आग पर काबू पाने में भी सवा पांच घंटे लग गए। पुलिस फैक्टरी के कर्मचारियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं।