जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में तोड़फोड़ के मामले में जामिया नगर पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक, यह एफआईआर जामिया यूनिवर्सिटी प्रशासन की शिकायत पर दर्ज की गई है। एफआईआर में अज्ञात लोगों का जिक्र है। दिल्ली पुलिस ने अब तक जामिया यूनिवर्सिटी मामले में दो एफआईआर दर्ज की हैं।
जामिया के छात्रों ने ऑनलाइन कक्षाओं का बहिष्कार किया
जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के सेंटर फॉर वेस्ट एशियन स्टडीज और समाजशास्त्र विभाग के छात्रों ने बृहस्पतिवार को विश्वविद्यालय के ऑनलाइन कक्षाओं के आदेश का "पूर्ण बहिष्कार" करने की घोषणा की। छात्रों ने शैक्षणिक प्रगति और शोध कार्य में बाधा का हवाला देते हुए परिसर में कक्षाओं की तत्काल बहाली की मांग की है। यह कदम जामिया मिल्लिया इस्लामिया छात्र संघ (जेएमआईएसयू) की बहाली और प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई को लेकर विश्वविद्यालय के मुख्य प्रॉक्टर को हटाने की मांग को लेकर चल रहे विरोध प्रदर्शनों के 18वें दिन आया है।
सेंटर फॉर वेस्ट एशियन स्टडीज ( सीडब्ल्यूएएस) के छात्रों ने विश्वविद्यालय के उस आदेश को पूरी तरह से खारिज कर दिया, जिसमें ऑनलाइन कक्षाओं को 24 नवंबर तक बढ़ाने का निर्देश दिया गया था। आदेश में कहा गया था कि विषम सेमेस्टर की सभी व्यावहारिक और सैद्धांतिक परीक्षाएं वर्चुअल मोड में होंगी। विश्वविद्यालय ने परिसर का माहौल शैक्षणिक गतिविधियों के लिए "अनुकूल नहीं" बताया था। छात्रों के बयान में कहा गया है कि ऑनलाइन कक्षाओं को अनिश्चित काल तक बढ़ाने और परिसर तक भौतिक पहुंच से इन्कार करने का निर्णय उनकी शैक्षणिक प्रगति और शोध कार्य को बाधित करता है। इसमें कोई निश्चित समय-सीमा नहीं दी गई और न ही छात्रों से परामर्श किया गया।