ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर थाना क्षेत्र में एमबीए के छात्र की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने 24 दिन बाद तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की प्राथमिकी दर्ज की है। मिर्जापुर निवासी पीड़ित पिता अजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि बेटे को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। इसी से तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया है। पुलिस ने छात्र के कमरे से मिले हस्तलिखित सुसाइड नोट और तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की है। कोतवाली प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि भरत सिंह यादव, आकाश सिंह चौहान और भूपेंद्र कुमार सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
हेमंत कुमार सिंह सेक्टर डेल्टा-1 में किराये के कमरे में रहकर महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय से एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे। दो जुलाई को उन्होंने कमरे में आत्महत्या कर ली थी। ब्यूरो