गायब छात्रा की बहन ने बृहस्पतिवार सुबह वसंत कुंज (नॉर्थ) थाना पुलिस को जानकारी दी थी कि छात्रा वापस आ गई है। दिल्ली पुलिस की एक टीम छात्रा को लेने बृहस्पतिवार को लखनऊ रवाना हो गई।
दक्षिण-पश्चिम जिला डीसीपी मिलिंद दुमबड़े ने बताया कि छात्रा ने कहा है कि वह खुद ही लखनऊ गई थी। वह पूरी तरह ठीक है और किसी को कोई चिंता करने की जरूरत नहीं है।
गौरतलब है कि 26 वर्षीय छात्रा पूजा जेएनयू में शिप्रा हॉस्टल में रह रही है और जेएनयू से लाइफ साइंस में पीएचडी कर रही है। वह 10 मार्च को जेएनयू से गायब हो गई थी। मूलरूप से गाजियाबाद (यूपी) के रहने वाले पूजा के परिजनों ने वसंत कुंज (नॉर्थ) में शिकायत दी थी।
पुलिस ने अपहरण कर मामला दर्ज कर पूजा की तलाश शुरू कर दी थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह पूजा की बहन वसंत कुंज (नॉर्थ) थाने पहुंची और पूजा के सकुशल होने की सूचना दी।