सीट छोड़ते समय पवन के कुछ कहने पर बुजुर्ग ने मारा थप्पड़, दूसरे आरोपी ने सीने पर बरसाए मुक्के
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो में सीनियर सिटीजन सीट को लेकर हुए विवाद में पवन शर्मा (48) की मौत के मामले में पुलिस ने सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी संजय प्रताप सिंह (65) और उनके बेटे सिद्धार्थ सिंह (36) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि दोनों ने 8 अक्तूबर को सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर पवन के साथ मारपीट की थी।
एफआईआर के अनुसार, पवन अपनी मां दुर्गा शर्मा (65) के साथ गुरुग्राम में छोटे बेटे दीपक शर्मा से मिलने गए थे। वहां से लौटते समय दोनों द्वारका सेक्टर-21 से मेट्रो में सवार होकर यमुना विहार स्थित अपने घर जा रहे थे। दोनों सीनियर सिटीजन सीट पर बैठे थे। सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन पर एक बुजुर्ग और युवक ट्रेन में चढ़े। आरोप है कि दोनों ने मां-बेटे से बदतमीजी करते हुए सीट खाली करने को कहा। पवन ने उनके बात करने के तरीके पर आपत्ति जताई और कहा कि वे सीट छोड़ रहे हैं। शिकायत के मुताबिक, उठते समय पवन ने बुजुर्ग से कुछ कहा, जिसके बाद उन्होंने पवन का कॉलर पकड़कर थप्पड़ मार दिया। इसके बाद युवक ने पवन की गर्दन पकड़कर सीने पर कई मुक्के मारे। मां ने बीच-बचाव की कोशिश की तो बुजुर्ग ने उनके हाथ पकड़ लिए। इसके बाद पवन बेहोश होकर गिर पड़े। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मेडिकल रिपोर्ट में उनके गाल, सीने और अंगूठे पर चोट के निशान दर्ज हैं।