हिंडन डूब क्षेत्र में अवैध तरीके से प्लॉट काटने वाले 43 कॉलोनाइजर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है। सिंचाई विभाग की शिकायत पर नोएडा के शहरी क्षेत्र में 23 लोगों के पर केस दर्ज किया गया है। इसमें फेज थ्री में 12, फेज टू में 5 और और कोतवाली 49 में 6 के खिलाफ एफआईआर की गई है। वहीं ग्रेटर नोएडा के विभिन्न थानों के 20 कॉलोनाइजरों पर केस दर्ज कर लिया गया है।
पिछले सप्ताह डीएम व एसएसपी ने बैठक कर हिंडन डूब क्षेत्र में प्लॉट काटने वालों पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सिंचाई विभाग ने थानावार कॉलोनाइजरों की सूची बनाई है। विभाग ने करीब 52 ऐसे कॉलोनाइजर चिह्नित किए हैं।
जिन्होंने हिंडन के किनारे दो सौ से अधिक प्लॉट काटे हैं। सिंचाई विभाग के अधिकारी धीरज कुमार ने सोरखा गांव के पास कॉलोनी काटने वाले रामविलास, सुरेश कुमार, जितेंद्र कुमार, नौशाद, रियाजउद्दीन समेत अन्य लोगों के खिलाफ कोतवाली सेक्टर-49 थाने में पुलिस को तहरीर दी थी। जिस पर मुकदमा दर्ज किया गया है।
हजारों लोगों से की गई करोड़ों की ठगी
पुलिस का कहना है कि हिंडन के किनारे की जमीन खेती करने के लिए है। जबकि कॉलोनाइजर लोगों को इसे आवासीय भूमि बताते हैं और कम कीमत पर गलत कागज दिखाकर रकम वसूलते हैं। इस तरह करीब हजारों लोगों से करोड़ों की ठगी की गई है और नदी के डूब क्षेत्र पर कब्जा कराया गया है।
हिंडन डूब क्षेत्र में प्लॉट काटने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। उनके खिलाफ अलग अलग थानों में मुकदमा पंजीकृत कराया जा रहा है। इसके बाद इनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जिला प्रशासन व सिंचाई विभाग के साथ कॉलोनाइजर के खिलाफ अभियान चला रही है। - डॉ. अजयपाल शर्मा, एसएसपी।