पूर्व निदेशक और कर्मचारियों पर साजिश का आरोप
कोतवाली सेक्टर-63 पुलिस कर रही मामले की जांच
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-63 की निवेश कंपनी से शेयर के सौदे में 3.24 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कंपनी का आरोप है कि भुगतान के बावजूद आरोपी कंपनी ने तय संख्या में इक्विटी शेयर ट्रांसफर नहीं किए और रकम लौटाने से भी इन्कार कर दिया। पुलिस ने कंपनी, उसके निदेशकों और अन्य लोगों समेत 14 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-63 के एच ब्लॉक स्थित एसएन कैपिटल मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि नवीन पाराशर ने शिकायत की है कि अनिकेत ठाकुर और रजत चतुर्वेदी ने युवा क्रॉप ग्लोबल लिमिटेड व युवा ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड के शेयर खरीदने के प्रस्ताव दिए थे। कंपनियाें के मेट्रोपॉलिटिन स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एमएसईआई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) में सूचीबद्ध होने की भी जानकारी दी गई थी। इसके बाद उनकी कंपनी ने सात करोड़ रुपये का भुगतान कर दिया।
उन्होंने बताया कि युवा ट्रेडिंग प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी जिम्मेदारी पूरी कर दी, लेकिन युवा क्रॉप ग्लोबल लिमिटेड ने भुगतान मिलने के बावजूद 3.24 करोड़ रुपये के इक्विटी शेयर ट्रांसफर नहीं किए। शिकायतकर्ता का आरोप है कि कंपनी के निदेशकों ने पूर्व कर्मचारियों के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से धोखाधड़ी की। जांच के दौरान अन्य लोगों और संस्थाओं की भूमिका भी सामने आई। इसके आधार पर उसिक गाला, मीना महेश गाला, ध्वनी दत्तानी, करिश्मा रितुराज काकू, महेश देवचंद गाला, अनिकेत ठाकुर, रजत चतुर्वेदी, राजेश गुप्ता, शिशिर कुमार, विकास वर्मा, बबली इन्वेस्टमेंट, ऑप्टीमस फाइनेंशियल और शुभम इन्वेस्टमेंट को नामजद किया गया है।
एसीपी दीक्षा सिंह ने बताया कि इस मामले में दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।