फरीदाबाद में डेंगू से एक पांच साल की बच्ची की मौत हो गई। शहर में इस साल डेंगू से मौत का यह पहला मामला है। क्यूआरजी अस्पताल में इस बच्ची का पिछले कई दिनों से इलाज चल रहा था। निजी अस्पताल की जांच रिपोर्ट में उसे डेंगू की पुष्टि हुई थी। उधर, स्वास्थ्य विभाग ने पूरे मामले का रिकॉर्ड तलब किया है।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. रामभगत का कहना है कि जांच के बाद ही कहा जा सकता है कि बच्ची की मौत डेंगू की वजह से हुई या फिर किसी अन्य कारण से। एनआईटी एक में गुरमीत वाधवा का परिवार रहता है। गुरमीत की पांच साल की बेटी गुंजन को कुछ दिन पूर्व तेज बुखार हुआ था। उसे सेक्टर-16 स्थित क्यूआरजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। प्राथमिक जांच में डेंगू की पुष्टि हुई थी। इसके बाद डॉक्टरों ने मरीज का इलाज शुरू कर दिया। शुरुआत में बच्ची की हालत में सुधार हुआ, मगर फिर उसकी प्लेटलेट्स कम होती चली गई। शनिवार रात इलाज के दौरान गुंजन ने दम तोड़ दिया।
जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि क्यूआरजी में एक पांच वर्षीय बच्ची की इलाज के दौरान मौत हुई है। इसे डेंगू से मौत कहना जल्दीबाजी होगा। अस्पताल से इस मामले का रिकॉर्ड तलब किया गया है। बच्ची के रक्त सैंपलों को अस्पताल की लैब में क्रॉस चेक किया जाएगा। सरकारी जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।