सर्वोदय (सरकारी) स्कूलों में नर्सरी, केजी व पहली कक्षा में दाखिले के लिए दो मार्च से शुरू हुई दाखिले की दौड़ अंतिम चरण में पहुंच गई है। इन कक्षाओं में दाखिले के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन आवेदन 17 मार्च तक किया जा सकता है।
स्कूल के एक किलोमीटर के दायरे में रहने वाले बच्चे आवेदन करने के योग्य हैं। एक किलोमीटर के दायरे में स्कूल न होने पर ही तीन किलोमीटर के दायरे में रहने वाले बच्चे आवेदन के योग्य होंगे।
इन कक्षाओं में दाखिले के इच्छुक अभिभावक स्कूल से या फिर शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट से फॉर्म डाउनलोड कर जमा करा सकते हैं। सुबह की पाली में सुबह 8:30 बजे से सुबह 11.30 बजे तक व शाम की पाली के स्कूलों में दोपहर 2:30 बजे से 5:30 बजे तक फॉर्म जमा कराए जा सकते हैं।
दाखिले के लिए बच्चों का चयन लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। 21 मार्च को सुबह की पाली के लिए लॉटरी सुबह 11 बजे व शाम की पाली के लिए दोपहर तीन बजे निकाली जाएगी।
सुबह की पाली में लॉटरी से चयनित हुए बच्चों की सूची 23 मार्च को सुबह 11 बजे व शाम की पाली के लिए चयनित बच्चों की सूची दोपहर तीन बजे नोटिस बोर्ड पर लगाई जाएगी। उसके बाद 24 मार्च से लेकर 28 मार्च तक दाखिले होंगे। सीटें खाली रहने पर 30 मार्च व 31 मार्च को प्रतीक्षा सूची में स्थान पाने वाले बच्चों के दाखिले होंगे।