नौकरशाही छोड़ सामाजिक कार्यकर्ता की भूमिका निभाने के बाद राजनीति में कूदने वाले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर बनी एक डॉक्युमेंट्री का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है।
केजरीवाल पर बनी बायोग्राफिकल फिल्म ‘एन इनसिग्निफिकेंट मैन’ को मीडिया कंपनी वाइस 17 नवंबर को रिलीज करेेगी। वाइस ने घोषणा करते हुए कहा कि फिल्म को भारत समेत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रिलीज किया जाएगा।
वाइस के मुताबिक, खुशबू रांका और वीना शुक्ला द्वारा निर्देशित यह फिल्म एक राजनीतिक थ्रिलर है और इसमें दिखाया गया है कि कैसे केजरीवाल एक सामाजिक कार्यकर्ता से राजनेता बने।
यह फिल्म तब चर्चा में आई थी जब सेंसर बोर्ड के पूर्व प्रमुख पहलाज निहलानी ने फिल्म की रिलीज को अनुमति देने से यह कहते हुए स्थगित कर दिया था कि इसके लिए पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य राजनेताओं से अनुमति मांगी जाए। 95 मिनट की इस फिल्म को 22 देशों के थियेटरों पर एक साथ रिलीज किया जाएगा।