सूरजकुंड मेले में रोडवेज बसों की चेकिंग के लिए लगाए गए कर्मचारी बस यात्रियों से बदसलूकी करने पर उतारू हैं। टिकट न होने की स्थिति में न केवल उनके साथ हाथापाई करते हैं बल्कि मोबाइल और बैग तक छीन लेते हैं। बृहस्पतिवार को इसका नजारा सूरजकुंड रोड पर देखने को मिला।
सिटी बस रोडवेजकर्मियों ने मानव रचना यूनिवर्सिटी के छात्रों के साथ हाथापाई की और उनके मोबाइल व बैग छीन लिए। मीडिया के हस्तक्षेप के बाद कर्मचारी छात्रों का मोबाइल देकर भाग निकले।
बृहस्पतिवार को दोपहर करीब 3.30 बजे सिटी बस की रोडवेज बस नंबर एचआर-38 आर-0956 सूरजकुंड मेले से यात्रियों को लेकर बल्लभगढ़ जा रही थी।
यूनिवर्सिटी गेट पर दीपक कौशिक, नितिन सोलंकी, सुनील कौशिक, पवन कुमार समेत 10-12 छात्र बस में सवार हो गए। कंडक्टर यात्रियों की टिकट काट रहा था।
करीब 400 मीटर दूर खड़े रोडवेज चेकिंग के सदस्यों ने गाड़ी को रुकवा लिया और टिकट चेक करने लगे।
छात्रों ने बताया कि अभी कंडक्टर टिकट बना रहा है। इस बात को सुनते ही चेकिंग स्टाफ आग बबूला हो गया और उन्हें बस से खींचकर नीचे उतार लिया।
मामला यही नहीं थमा उक्त कर्मचारियों ने छात्रों से हाथापाई करते हुए मोबाइल व बैग छीनकर जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। छात्रों के शोर मचाने और मीडिया के हस्तक्षेप के बाद अपनी हरकतों को छुपाने के लिए चेकिंग स्टाफ अपनी गाड़ी लेकर फरार हो गए।
इस संबंध में सिटी बस सेवा के जीएम जेएस अहलावत का कहना है कि कर्मचारियों को ऐसी हरकत नहीं करनी चाहिए थी। यदि ऐसी घटना हुई है तो इस पर बात करेंगे और शिकायत मिलने पर कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।