कांग्रेस में मेयर चुनाव के लिए टिकट मांगने वालों की फेहरिस्त और लंबी हो गई है। अब तक पार्टी के 7 नेता टिकट पाने के लिए आवेदन कर चुके हैं।
अब पार्टी का महानगर संगठन प्रदेश हाईकमान को इन दावेदारों की सूची भेजेगा। माना जा रहा है कि चार-पांच दिन में पार्टी अपने प्रत्याशी का नाम फाइनल कर देगी। इन दावेदारों ने कांग्रेस महानगर अध्यक्ष ओमप्रकाश को आवेदन पत्र सौंपे हैं।
ओमप्रकाश शर्मा ने बताया कि पार्टी की ओर से अरुण कुमार ‘भुल्लन’, जेपी यादव, लालमन सिंह लस्सी वाले, पूनम यादव, पूर्व पार्षद शील गोस्वामी, पूर्व महानगर उपाध्यक्ष मनोज नागर और पूर्व कार्यवाहक महानगर अध्यक्ष सुनील चौधरी ने टिकट के लिए आवेदन किया है। इनका बायोडाटा जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष डॉ.निर्मल खत्री को भेज दिए जाएंगे।
मेयर उपचुनाव में प्रत्याशी बनने की होड़ के चलते भाजपा में फिलहाल खलबली मची हुई है। भाजपा की पक्की माने जाने वाली इस सीट के लिए पार्टी के कई नेता अपने आकाओं को लुभाने में लगे हैं।
उधर सूत्रों की माने तो संघ की सरपरस्ती में काम करने वाली भाजपा खरमास के बाद ही अपना प्रत्याशी घोषित करेगी। ऐसे में 15 जनवरी को ही पता चल सकेगा कि कौन स्थानीय नेता पार्टी में ‘खास’ जगह रखता है।
अमित शाह को भी दिखाएंगे चेहरा
उधर सोमवार को नोएडा में होने जा रही भाजपा किसान मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक में अमित शाह के आने के चलते गाजियाबाद में भी इसकी तैयारियां शुरू हो गई हैं।
माना जा रहा है कि मेयर पद के संभावित प्रत्याशी भी समर्थकों के साथ अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष को चेहरा दिखाने नोएडा पहुंचेंगे। मेयर पद के लिए भाजपा के पृथ्वी सिंह कसाना, अशु वर्मा, सतेंद्र चौधरी, राजा वर्मा, रामनरेश रावत, संजय कश्यप, रूप चौधरी और मानसिंह गोस्वामी का नाम चल रहा है।
इसके अलावा सिविल डिफेंस के चीफ वार्डन और समाजसेवी ललित जायसवाल का नाम भी चर्चाओं में है। बल्कि यूं कहें कि ललित जायसवाल के नाम की चर्चा सबसे ज्यादा है।
लखनऊ से अधिसूचना जारी होने के बाद से ही इन सभी भाजपाइयों ने दिल्ली-लखनऊ में बैठे अपने-अपने आकाओं के पास चक्कर लगाने शुरू कर दिए हैं। सभी खुद को पार्टी का खास बता रहे हैं।
जाट या गुर्जर चाल सकती है भाजपा
कुछ लोगों का कहना है कि पार्टी इस बार जाट या गुर्जर कार्ड खेल सकती है। ऐसे में जाट बिरादरी से अशु वर्मा और सतेंद्र चौधरी का नाम चर्चाओं में है। गुर्जर बिरादरी में पृथ्वी सिंह कसाना और रूप चौधरी का नाम चर्चाओं में है।
पता चला है कि सतेंद्र चौधरी अपने साथ 20 पार्षदों के दल को लेकर दिल्ली में बैठे पार्टी के एक वरिष्ठ पदाधिकारी से मुलाकात भी कर आए हैं। ललित जायसवाल भी कई वरिष्ठ पदाधिकारियों के सीधे संपर्क में हैं।
उधर पृथ्वी सिंह कसाना भी पिछले दो दिनों से पार्टी आलाकमानों के आवासों पर चक्कर लगा रहे हैं। रामनरेश रावत का नाम भी उछला है। उधर, पार्टी के ही कद्दावर नेता की माने तो पार्टी खरमास के चलते अभी टिकट घोषित नहीं करेगी।