दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर स्थित टोल प्लाजा पर टोल मांगने को लेकर टोल कर्मचारियों पर छह से अधिक लोगों ने हमला कर दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। हमले में दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए। एक घायल की हालत गंभीर देखकर मेरठ के लिए रेफर कर दिया गया है। शिफ्ट इंचार्ज ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बुधवार की दोपहर टोल कर्मचारी अपने काम में व्यस्त थे। इसी दौरान गंगानगरी से अस्थि विसर्जन और स्नान कर लौट रहे हरियाणा के बहादुरगढ़ निवासी कुछ लोग अपने वाहनों से टोल बूथ पर पहुंचे। इस दौरान कर्मचारी ने उनसे टोल शुल्क के लिए कह तो कार चालक ने अभद्रता शुरू कर दी। विरोध करने पर गाड़ी चालक अपने छह से अधिक साथियों के साथ कार से उतार आए और कर्मचारी की पिटाई करने लगे।
इस दौरान अन्य कर्मचारी वहां पहुंचे तो आरोपियों ने सुरक्षा के लिए लगाए गए अग्निशमन सिलिंडर उतार कर हमला कर दिया। इसके बाद टोल कर्मियों ने भी आरोपियों की पिटाई शुरू कर दी। दोनों तरफ से मारपीट होने पर टोल प्लाजा पर करीब आधे घंटे तक अफरातफरी का माहौल बना रहा। मारपीट की वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रही है।
इस संबंध में शिफ्ट इंचार्ज शिवेंद्र पांडेय ने तहरीर दी है, जिसमें उल्लेख किया है कि यात्रियों के हमले में दो कर्मचारी घायल हो गए। जिनमें से सुपरवाइजर रोहित को चिकित्सकों ने मेरठ के लिए रेफर कर दिया है। शिवेंद्र पांडेय ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। टोल कर्मचारी की तहरीर, वायरल वीडियो और टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।