हाईप्रोफाइल आम्रपाली विलेज सोसायटी में चोरों ने एक घर को खंगाल दिया। चोर छह लाख की नगदी और जेवर समेत करीब 15 लाख का माल समेटकर फरार हो गए। पहले तो पुलिस हीलाहवाली कर रही थी, लेकिन पीड़ित द्वारा एडीजी मेरठ को घटना की सूचना देने के बाद पुलिस हरकत में आई और रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मेड से पूछताछ की गई और सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है। पीड़ित को एडीजी का रिश्तेदार बताया जा रहा था, हालांकि एडीजी मेरठ प्रशांत कुमार ने रिश्तेदारी से इंकार कर दिया।
इंदिरापुरम के काला पत्थर रोड पर आम्रपाली विलेज सोसायटी में फ्लैट नंबर जेएच 601 में हर्ष टंडन रहते हैं। वह नोएडा की एक मल्टी नेशनल कंपनी में जॉब करते हैं। 13 दिसंबर को हर्ष परिवार के साथ लखनऊ शादी में गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। सोमवार सुबह जब परिजन घर पहुंचे, तो मेन गेट का ताला खोलते ही दंग रह गए। घर में सारा सामान बिखरा हुआ था।
दो अलमारी में रखे करीब छह लाख रुपये और करीब नौ लाख रुपये के सोने के जेवर गायब थे। हालांकि विदेशी करेंसी, कैमरे और लैपटॉप को चोर नहीं ले गए। हर्ष ने बताया कि उन्होंने दवाई खरीदने के लिए चेन्नई में पिता से लाखों रुपये मंगाए थे। हर्ष ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। आरोप है कि पहले तो पुलिस हीलाहवाली करने लगी, लेकिन जब एडीजी के यहां से फोन आया, तो तुरंत पुलिस हरकत में आ गई। फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड ने मौका-मुआयना किया। एएसपी रवि कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली है। जांच की जा रही है।