संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। गांव मांडीखेड़ा में निजी कंपनी द्वारा छोड़े जा रहे दूषित पानी से किसानों की उपजाऊ जमीन और खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने पर बुधवार को एसडीएम लक्ष्मी नारायण ने मौके पर पहुंचकर प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। किसान आलिम ने आरोप लगाया कि कंपनी ने बिना अनुमति खेतों के बीच पाइपलाइन बिछाई है, जिससे केमिकलयुक्त पानी खेतों में भर रहा है। इससे फसलें बर्बाद हो गई हैं और खेत तालाब में तब्दील हो गए हैं। किसान ने कंपनी के खिलाफ कार्रवाई, पाइपलाइन हटाने और फसल नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की। एसडीएम ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी और किसानों का नुकसान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।