फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Delhi NCR News: स्कूल समय में सेवानिवृत्त शिक्षक का सम्मान समारोह, कई स्कूलों की पढ़ाई रही प्रभावित

विज्ञापन
विज्ञापन
खंड शिक्षा अधिकारी समेत काफी संख्या में शिक्षक रहे मौजूद, लोगों ने उठाए सवाल
विज्ञापन

गुरुदत्त भारद्वाज
पुन्हाना।
गर्मी की छुट्टियों के बाद सरकारी स्कूलों में पढ़ाई शुरू हुए अभी दो ही दिन हुए हैं, लेकिन बृहस्पतिवार को गांव सिंगार के राजकीय विद्यालय में आयोजित एक सेवानिवृत्त मुख्य शिक्षक के सम्मान समारोह ने शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। कार्यक्रम स्कूल समय के दौरान सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ और दोपहर करीब दो बजे तक चलता रहा। इस दौरान न केवल सिंगार स्कूल बल्कि आसपास के कई सरकारी स्कूलों के शिक्षक भी समारोह में शामिल रहे, जिससे अनेक विद्यालयों में कक्षाएं प्रभावित होने की बात सामने आई। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी के शामिल होने की चर्चाएं भी चल रही थी, लेकिन मीडिया द्वारा फोन पर जब उनसे कार्यक्रम के आयोजन को लेकर सवाल पूछे तो वे रास्ते से ही वापस लौट गए।

जानकारी के अनुसार, राजकीय विद्यालय सिंगार के सेवानिवृत्त मुख्य शिक्षक इदरीश के सम्मान में विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी सहित खंड के विभिन्न सरकारी विद्यालयों के शिक्षक मौजूद रहे। समारोह कई घंटे तक चला। इस दौरान सिंगार स्कूल में अधिकांश कक्षाओं में नियमित पढ़ाई नहीं हो सकी। वहीं, जिन विद्यालयों से शिक्षक कार्यक्रम में पहुंचे, वहां भी कई कक्षाएं अध्यापकों की अनुपस्थिति के कारण प्रभावित रहीं।
विज्ञापन

लोगों का कहना है कि गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद विद्यालय अभी दो दिन पहले ही खुले हैं। ऐसे समय में छात्रों की नियमित पढ़ाई शुरू कराई जानी चाहिए थी, लेकिन स्कूल समय में समारोह आयोजित कर शिक्षा व्यवस्था को प्रभावित किया गया। लोगों का कहना है कि यदि सम्मान समारोह करना ही था तो इसे स्कूल समय के बाद या अवकाश के दिन आयोजित किया जा सकता था।

ग्रामीणों ने यह भी सवाल उठाया कि आखिर स्कूल परिसर में विद्यालय समय के दौरान इस प्रकार का कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति किस अधिकारी ने दी। उनका कहना है कि जब शिक्षक समारोह में व्यस्त रहे तो विद्यार्थियों की पढ़ाई का नुकसान हुआ, जिसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। अभिभावकों का कहना है कि शिक्षा विभाग विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने की बात करता है, लेकिन ऐसे आयोजनों से पढ़ाई प्रभावित होना गंभीर विषय है।
जानकारी के अनुसार, मुख्य शिक्षक इदरीश 31 मई को सेवानिवृत्त हो चुके थे। इसके बावजूद उनका सम्मान समारोह करीब एक माह बाद आयोजित किया गया। कार्यक्रम को लेकर इसके निमंत्रण पत्र शिक्षा विभाग के अधिकारियों सहित शिक्षकों को दिए गए। लोगों का कहना है कि जब कार्यक्रम पहले सेवानिवृत्ति के दिन नहीं हुआ तो इसे विद्यालय समय में आयोजित करने की क्या आवश्यकता थी। लोगों ने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि भविष्य में इस प्रकार के आयोजनों के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश बनाए जाने चाहिए ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। इस बारे में जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा का कहना है कि उन्हें इस प्रकार के आयोजन के बारे में जानकारी नहीं है।
विज्ञापन

खंड शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने कहा कि स्कूल परिसर में स्कूल समय में अध्यापक की रिटायरमेंट का कार्यक्रम था, लेकिन स्कूल परिसर वो स्कूल समय में कार्यक्रम करने की अनुमति किसने दी इसके बारे में उन्हें जानकारी नहीं है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें