-अंतिम दाखिला तिथि के 30 दिन के भीतर प्रवेश वापस लेने पर 50 प्रतिशत फीस लौटाई जाएगी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र की दाखिला प्रक्रिया 31 अगस्त तक पूरी तरह से समाप्त हो जाएगी। ऐसे में यदि कोई छात्र इस अंतिम तिथि तक अपना दाखिला वापस लेता है, तो उसे सौ प्रतिशत फीस रिफंड की जाएगी। फीस रिफंड के दौरान विदड्राल, प्रोसेसिंग फीस, पंजीकरण फीस वापस नहीं होगी। अंतिम दाखिला तिथि के 30 दिन के भीतर प्रवेश वापस लेने पर 50 प्रतिशत ही फीस वापस की जाएगी।
डीयू ने दाखिला प्रक्रिया समाप्त होने से पहले फीस रिफंड को लेकर नोटिस जारी किया है। इसमें बताया गया है कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिन छात्रों ने दाखिला लिया है और अब वे अपना दाखिला वापस लेना चाहते हैं, उन्हें अंतिम दाखिला तिथि तक 100 प्रतिशत शुल्क वापस किया जाएगा। अंतिम दाखिला तिथि के 30 दिन के अंदर प्रवेश वापस लेने पर 50 प्रतिशत फीस वापस की जाएगी। 30 दिन के बाद दाखिला वापस लेने पर फीस की कोई वापसी नहीं होगी।
अगर छात्र ने गलत जानकारी दी हो, तथ्य छिपाने या फर्जी प्रमाणपत्र जमा करने के कारण दाखिला रद्द होने पर भी फीस वापस नहीं की जाएगी। छात्र की मृत्यु की स्थिति में संबंधित सेमेस्टर या वर्ष की 100 प्रतिशत फीस, परीक्षा शुल्क सहित उसके माता-पिता या कानूनी अभिभावक को वापस की जाएगी। पीएचडी छात्रों के लिए अलग प्रावधान किए गए हैं। संबंधित चरण की अंतिम दाखिला तिथि तक नामांकन वापस लेने पर 100 प्रतिशत फीस अंतिम तिथि के 15 दिन के भीतर वापस लेने पर 50 प्रतिशत फीस और 15 दिन बाद वापस लेने पर कोई फीस वापस नहीं होगी। पीएचडी में फीस वापसी के लिए विभागाध्यक्ष की मंजूरी आवश्यक होगी।