रोहिणी जिले के केएन काटजू मार्ग इलाके में नौकरी जाने के डर की वजह से तनाव में आए एक युवक ने नहर में कूदकर जान दे दी। घर से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर बवाना नहर में युवक का शव नहर से बरामद हुआ। घटना बुधवार की है। पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
मृतक की शिनाख्त शुभम मित्तल के रूप में हुई है। पुलिस उसके मोबाइल की कॉल डिटेल के आधार पर मामले की छानबीन कर रही है। पुलिस के मुताबिक शुभम (26) अपने परिवार के साथ रोहिणी सेक्टर-16 इलाके में रहता था।
वह पिछले तीन-चार साल से फरीदाबाद स्थित एक आईटी फर्म में नौकरी करता था। लॉक डाउन से पूर्व मां की तबीयत खराब होने की वजह से वह छुट्टी पर चल रहा था। इस बीच उसकी दूसरी कंपनी में नौकरी लग गई तो उसने अपनी कंपनी में इस्तीफा देने की बात की।
कंपनी के अधिकारियों ने उसे दूसरी कंपनी में ज्वाइन करने से मना कर दिया। उनके कहने पर शुभम ने दूसरी कंपनी से आए ऑफर लेटर को ठुकरा दिया। लॉकडाउन खुलने पर उसे वापस अपनी नौकरी पर जाना था।
भाई अर्पण का आरोप है कि बाकी कर्मचारियों को बुलाने के बाद शुभम को नहीं बुलाया जा रहा था। बुधवार सुबह उसके कंपनी के अधिकारियों का फोन आया, जिसके बाद से वह नौकरी चले जाने को लेकर चिंतित हो गया। दोपहर तीन बजे वह घर से निकला और वापस नहीं आया। काफी तलाश करने पर अगले दिन पुलिस थाने पहुंचने पर शुभम के आत्महत्या करने का पता चला।