पैरामाउंट फ्लोर विले सोसायटी में 18 दिसंबर को एवीपी स्वरूप राज के खुदकुशी करने के बाद से अब तक जेनपैक्ट कंपनी प्रबंधन का कोई व्यक्ति उनके घर ढांढस बंधाने नहीं पहुंचा। रविवार को शोक सभा में कंपनी की कई महिला कर्मी पहुंची। परिजनों का कहना है कि महिला कर्मियों ने कहा है कि स्वरूप राज ने किसी भी कर्मी से कभी भी गलत व्यवहार नहीं किया। परिजन को आशंका है कि स्वरूप राज की तरक्की की ईर्ष्या में उनके खिलाफ साजिश रची गई है। वहीं, पुलिस ने भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर स्वरूप राज की पत्नी कृति के लिखित बयान मांगे हैं।
सेक्टर-137 में स्थित पैरामाउंट फ्लोरविले सोसायटी के कम्यूनिटी क्लब में रविवार को स्वरूप राज की शोक सभा का आयोजन किया गया। स्वरूप राज के भाई अरुण ने बताया कि अब तक प्रबंधन के किसी अधिकारी ने उनसे संपर्क नहीं किया है। हालांकि स्वरूप राज के कंपनी के मित्र और महिला अधिकारी व कर्मी वहां पहुंचे थे।
सभी ने बताया कि कंपनी में 11 साल के लंबे अंतराल में कभी स्वरूप राज का व्यवहार किसी के साथ खराब नहीं रहा। वह सबसे अच्छा व्यवहार रखते थे। अरुण ने बताया स्वरूप राज की पत्नी कृति जेनपैक्ट कंपनी में ही मैनेजमेंट ट्रेनी के पद पर कार्यरत हैं। घटना के दिन भी वह कंपनी में ही गईं हुईं थीं। चौंकाने वाली बात यह है कि स्वरूप राज को कमेटी गठित कर निलंबित किया गया। इसके बावजूद उनकी पत्नी को इस बारे में पता नहीं चला।
स्वरूप राज को मिली थीं चार पदोन्नति
अरुण कुमार ने बताया कि 11 साल पहले स्वरूप राज कंपनी में प्रोसेज डेवलेपर के पद पर तैनात हुए थे। इसके बाद उन्होंने कड़ी मेहनत से काम किया और मैनेजमेंट ट्रेनी, फिर असिसटेंट मैनेजर, फिर सीनियर मैनेजर और इसके बाद एवीपी पद पर पदोन्नित प्राप्त की थी।