संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। बरसात में बिजली के खंभों में करंट उतरने और खुले तारों से हादसों की आशंका को देखते हुए आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने बीएसईएस के साथ बैठक की। जीटीआर कार्यालय में आयोजित बैठक में अधिकारियों ने कांवड़ शिविरों और रिहायशी इलाकों में कहीं भी खुले या नंगे तार न रहें, इसके लिए कर्मचारियों को आदेश दिया ताकि बारिश के दौरान किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
यमुनापार यूनाइटेड आरडब्ल्यूए फेडरेशन के पदाधिकारियों ने बारिश के दौरान लोहे के बिजली खंभों में करंट आने के खतरे का मुद्दा उठाते हुए उपभोक्ताओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। साथ ही बिजली कनेक्शन प्रक्रिया को और सरल बनाने का सुझाव भी दिया। बीएसईएस अधिकारियों ने सभी मांगों पर सकारात्मक विचार करने और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। बैठक में मौजूद आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को बिजली सुरक्षा के प्रति जागरूक करने और सोलर ऊर्जा अपनाने का संकल्प लिया।