कोरोना वायरस के खौफ के चलते दिल्ली के एक बड़े सरकारी अस्पताल में डॉक्टर बायोमैट्रिक मशीन पर अंगूठा लगाकर हाजिरी नहीं देंगे। यहां काम करने वाले चिकित्सक अगले कुछ दिनों तक रजिस्टर पर साइन करने के बाद ड्यूटी पर जाएंगे। दिल्ली सरकार के महर्षि वाल्मीकि अस्पताल प्रबंधन ने लिखित आदेश भी जारी कर दिया है।
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार कोरोना वायरस के चलते डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टॉफ खौफ में हैं। इस वजह से डॉक्टर हाजिरी के लिए अपने अंगूठे को मशीन पर लगाने से कतरा रहे हैं। इनका मानना है कि वायरस हाथों से होता हुआ मुंह और नाक के संपर्क में आने के बाद व्यक्ति को बीमार बनाता है। इसलिए वे अंगूठा मशीन में नहीं लगाएंगे।
पुठ खुर्द स्थित महर्षि वाल्मीकि अस्पताल के चिकित्सीय अधीक्षक डॉ. राजीव सागर ने बताया कि कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए कुछ डाक्टरों ने शिकायत की कि अस्पताल में आने वाले स्टाफ से इंफेक्शन होने का खतरा है। सभी स्टाफ एक मशीन पर अटेेंडेंस लगाते हैं, ऐसे में यदि किसी में कोरोना के लक्षण हुए तो दूसरों में भी यह वायरस फैल सकता है।