नरेला के ओम विहार इलाके में पत्नी के अलग रहने से गुस्साए एक व्यक्ति ने अपने 10 साल के बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता भाग गया। मृत बच्चे की शिनाख्त वंश के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, नरेंद्र नरेला के बांकनेर गांव स्थित ओम विहार में रहता है। वह प्लंबर है। परिवार में पत्नी और 12 साल का बेटा कार्तिक है। दूसरा बेटा 10 साल का वंश था। वंश के रिश्तेदार परमजीत ने बताया कि नरेंद्र नशे का आदि है। वह नशे की हालत में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट करता था। मारपीट से परेशान होकर उसकी पत्नी अपने बच्चों के साथ अलग रहने लगी। कई बार नरेंद्र मनाकर उसे अपने साथ ले जाता था।
परिवार वालों के मुताबिक उसकी पत्नी ने कई बार थाने में इसकी शिकायत भी की थी, लेकिन पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। आरोपी अपनी पत्नी के साथ लगातार मारपीट करने लगा। परिवार वालों के मुताबिक एक महीने पहले मारपीट से परेशान होकर उसकी पत्नी अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर फिर से अलग रहने लगी थी।
आरोप है कि इस बीच नरेंद्र आए दिन बच्चों को जान से मारने की धमकी देता था। परिवार वालों के मुताबिक वंश पांचवीं कक्षा में पढ़ता था। मंगलवार सुबह वंश स्कूल गया था। स्कूल की छुट्टी होने पर पिता उसे आइस्क्रीम दिलाने के बहाने घर ले आया। आरोप है कि उसने कमरे में ले जाकर पहले वंश की पिटाई की। फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
इस पूरे मामले में पुलिस ने वंश की मां के बयान के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। परिवार वालों ने बताया कि अनजान नंबर से फोन आया था, जिसमें वंश की हत्या किए जाने की बात कही गई। परिवार वाले तुरंत नरेंद्र के घर पहुंचे। आशंका है कि पिता ने ही फोन पर सूचना दी होगी। घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।