देश में नारी सशक्तीकरण और बेटियों को बढ़ावा देने के लिए कई अभियान चलाए जा रहे हैं, बावजूद बेटियों को लेकर कुछ लोगों की मानसिकता में कोई फर्क नहीं आ रहा। ऐसा ही एक मामला बृहस्पतिवार दोपहर को थाना सेक्टर-24 में सामने आया।
यहां एक पिता ने अपनी छह माह की बच्ची को मरने के लिए सड़क पर दो गाड़ियों के बीच छोड़ दिया। उक्त व्यक्ति की पहले से दो बेटियां हैं। पुलिस ने बच्ची को ‘चाइल्ड लाइन’ संस्था के जरिये शेल्टर होम में रखवा दिया है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-12 के बी ब्लॉक में बृहस्पतिवार दोपहर को छह माह की एक बच्ची लावारिस हालत में सड़क पर दो कारों के बीच में पड़ी मिली थी। बच्ची के साथ एक पर्ची रखी थी, जिस पर लिखा था कि वह अनाथ है।
अब भगवान ही उसका मालिक है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना सेक्टर-24 पुलिस ने बच्ची को अस्पताल पहुंचाया और बच्चों के लिए काम करने वाली संस्था ‘चाइल्ड लाइन’ को सूचना दी।