सीमापुरी में ससुर ने दामाद के पेट में मारा चाकू, आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। शाहदरा जिले के सीमापुरी इलाके में मामूली कहासुनी के बाद मौसेरे ससुर ने अपने दामाद पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। घायल इनामुल शेख (24) को गंभीर हालत में जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शोर सुनकर मौके पर जुटी भीड़ ने आरोपी चांद आलम को दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, न्यू सीमापुरी निवासी इनामुल गाजीपुर मुर्गा मंडी में काम करता है। 24 मार्च की दोपहर जब वह अपनी मौसी रुखसाना के घर के पास था, तो वहां उसका मौसा चांद आलम आ पहुंचा। इनामुल ने दो दिन पहले रुखसाना पर किए गए हमले का विरोध करते हुए चांद से सवाल किया, जिससे वह आग बबूला हो गया। तैश में आकर चांद ने अपनी कमर से चाकू निकाला और इनामुल के पेट में घोंप दिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।