पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त दरादे शरद भास्कर 17 नवंबर को कीर्ति नगर थाना पुलिस को रेलवे लाइन के पास झाड़ियों में एक युवक का शव लहूलुहान हालत में पड़े होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक की गला रेतकर हत्या की गई है। मृतक की शिनाख्त बसई दारापुर निवासी अंगद के रूप में हुई। जांच में पता चला कि उसका मोबाइल फोन और अन्य सामान गायब हैं। पुलिस ने छानबीन करने पर पाया कि अंगद बसई दारापुर इलाके में रहता था और एक फैक्टरी में काम करता था। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी संजीव धोडी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मृतक के घर के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जिसमें उसे अंतिम बार दो लोगों के साथ देखा गया, जिनकी पहचान करने के बाद पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने बताया कि उसने अपने मामा और ममेरे भाई के साथ मिलकर हत्या की है। पुलिस ने उससे निशानदेही पर मामा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में पता चला कि अंगद ने एक आरोपी की बहन से दोस्ती की। उसने लड़की के साथ गलत बर्ताव किया। उसे गाली गलौज वाले मैसेज भेजे और उसके आपत्तिजनक वीडियो लीक करने की धमकी दे रहा था। लड़की के परिवार की ओर से बार-बार चेतावनी देने और बीच-बचाव की कोशिशों के बावजूद अंगद नहीं रुका। उसके बाद लड़की के पिता और भाइयों ने उसकी हत्या की साजिश रची।
14 नवंबर को लड़की का भाई बस्ती (यूपी) से कीर्ति नगर में रहने वाले ममेरे भाई के पास पहुंचा। 16 नवंबर को दोनों अंगद के कमरे पर गए, लेकिन सीसीटीवी कैमरे होने की वजह से उन लोगों ने मारने का इरादा बदल लिया। फिर उन्होंने अंगद को शराब पीने के बहाने रेलवे लाइन के पास ले गए और नशा होने पर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी।
तकनीकी जांच से पता चला कि घटना के दौरान लड़की का पिता उनके संपर्क में रहा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि 56 साल के लड़की का पिता कीर्ति नगर स्थित मेटल की फैक्टरी में जबकि आरोपी युवक पेशे से पेंटर का काम करता है। पुलिस लड़की के सगे भाई की तलाश कर रही है।