पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बील अकबरपुर के पास टोल प्लाजा पर डिबाई की भाजपा विधायक डॉ. अनिता लोधी की गाड़ी को फास्टैग लाइन में जाने से रोकने पर कर्मचारियों से मारपीट का मामला सामने आया है। साथ ही कर्मचारी को बंधक बनाने के मकसद से गाड़ी में खींचने का भी आरोप है।
पूरा मामला सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। हालांकि, पुलिस से शिकायत नहीं की गई है। वहीं, विधायक प्रतिनिधि ने मारपीट के आरोप को निराधार बताया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 11 बजे भाजपा विधायक की गाड़ी पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर गाजियाबाद की तरफ से आ रही थी।
उस पर फास्टैग नहीं लगा था। ऐसे में टोल कर्मचारी मोहन सिंह ने गाड़ी को रोक दिया। नाराज होकर विधायक के चालक ने कर्मचारी को थप्पड़ जड़ दिया। साथ ही गालीगलौज भी की। इसी दौरान दूसरा कर्मचारी रमाशंकर पहुंचा तो उसके साथ भी मारपीट की गई।
वहीं, टोल प्लाजा मैनेजर कैलाश उपाध्याय का कहना है कि संगठन के लोगों के बारे में कुछ नहीं बोला नहीं जा सकता। प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह का कहना है कि जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
विधायक के साथ गाजियाबाद से बुलंदशहर जा रहे थे। जब गाड़ी टोल पर पहुंची तो वहां कर्मचारी बूथ से सौ मीटर दूर बैरियर बंद कर धूप सेक रहे थे। कर्मचारियों से बैरियर हटाने के लिए कहा तो उन्होंने कहा कि खुद ही हटा लो। इसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसकी सूचना दादरी पुलिस को दे दी गई है। मारपीट का आरोप निराधार है।
- मोहित शर्मा, प्रतिनिधि डिबाई विधायक डॉ. अनिता लोधी