फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान आंदोलन: 14 दिसंबर को भूख हड़ताल पर बैठेंगे अन्नदाता, कहा- संशोधन मंजूर नहीं

Sat, 12 Dec 2020 11:05 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

किसानों के आंदोलन का आज 17वां दिन है। किसानों ने सरकार के प्रस्ताव को अस्वीकार करते हुए अपने आंदोलन को तेज करने की बात कही है। इसी के तहत आज किसानोंं ने देशभर में टोल प्लाजा फ्री करने का आह्वान किया है। इसके तहत कई टोल प्लाजा तो फ्री हो गए हैं, वहीं कई जगह पर इसका कोई असर नहीं दिख रहा। लोग आज भी अपने वाहन के साथ टोल प्लाजा पर कैश की लाइन में लगे देखे जा रहे हैं। यहां पढ़ें दिनभर के अपडेट्स...
विज्ञापन
संयुक्त किसान आंदोलन के नेताओं की प्रेस कॉन्फ्रेंस - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:04 PM, 12-Dec-2020

किसानों को केले और बिस्किट बांट रहा रेहान

गाजीपुर बॉर्डर पर चार साल का रेहान अपने पिता के साथ प्रदर्शन कर रहे किसानों को केले और बिस्किट बांट रहा है। रेहान ने कहा कि मेरे पिता एक छोटे किसान हैं। मैं पिछले 15 दिनों से यहां आ रहा हूं
 

10:44 PM, 12-Dec-2020

चिल्ला बॉर्डर ट्रैफिक मूवमेंट के लिए खोला

चिल्ला बॉर्डर (दिल्ली-यूपी) प्रदर्शन कर रहे किसानों ने ट्रैफिक मूवमेंट के लिए खोल दिया है। एक किसान का कहना है, हमारे नेता आज रक्षा मंत्री और कृषि मंत्री से मिले, हमें आश्वासन दिया गया है कि हमारी मांगें पूरी होंगी, इसलिए हमने रास्ता खोला है।
 

10:10 PM, 12-Dec-2020

सिंघु बॉर्डर पर जिम

दिल्ली के सिंघु बॉर्डर (दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर) पर एक अस्थायी जिम स्थापित किया गया है। रूपनगर के जसप्रीत सिंह कहते हैं कि यह हमारी दिनचर्या का हिस्सा है इसलिए हमने यहां एक जिम बनाने का फैसला किया। लोग अपनी सुविधा के अनुसार जिम जाते हैं।
 

विज्ञापन
09:48 PM, 12-Dec-2020

चिल्ला और गाजीपुर सीमाएं बंद: दिल्ली पुलिस

किसानों के विरोध के कारण नोएडा और गाजियाबाद से दिल्ली के लिए यातायात के लिए चिल्ला और गाजीपुर सीमाएं बंद हैं। दिल्ली पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे आनंद विहार, डीएनडी, अप्सरा और भोपरा बॉर्डर के माध्यम से दिल्ली आने के लिए एक वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें।
 

09:38 PM, 12-Dec-2020

राजनाथ सिंह ने की भारतीय किसान यूनियन के नेताओं से मुलाकात

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने आज भारतीय किसान यूनियन (भानु) के नेताओं से मुलाकात की।
 

विज्ञापन
09:27 PM, 12-Dec-2020

किसानों ने तीन कृषि कानूनों का समर्थन करते हुए एक ज्ञापन सौंपा: तोमर

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि हरियाणा के प्रगतिशील किसान नेताओं ने मुझसे मुलाकात की और उन्होंने हस्ताक्षर के साथ तीन कृषि कानूनों का समर्थन करते हुए एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने अपने अनुभवों को भी साझा किया कि ये कानून उन्हें कैसे लाभ पहुंचा रहे हैं।
 

09:12 PM, 12-Dec-2020

बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि माओवादी और नक्सल उन्हें चर्चा से रोक रहे हैं: गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि हमने उनकी पुरानी बातों में से निचोड़ निकालकर जो उनके संदेह नज़र आए उस पर एक बहुत अच्छा प्रपोजल दिया लेकिन उस पर भी कोई चर्चा करने को तैयार नहीं है। बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति है कि माओवादी और नक्सल उन्हें चर्चा से रोक रहे हैं।

08:59 PM, 12-Dec-2020

कुछ नेताओं ने इस आंदोलन को हाइजैक किया: गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि कुछ नेताओं ने इस आंदोलन को हाइजैक कर लिया है। नक्सल-माओवादी ताक़तें जो वहां हावी हो गई हैं...ऐसे में किसानों को समझना पड़ेगा कि ये आंदोलन उनके हाथ से निकल कर इन माओवादी और नक्सल लोगों के हाथ में चला गया है 

08:38 PM, 12-Dec-2020

मैं सभी पॉलिटिकल पार्टियों से डिमांड करता हूं कि किसानों को भ्रमित न कर: गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि मैं सभी पॉलिटिकल पार्टियों से डिमांड करता हूं कि उन्हें किसानों को भ्रमित कर उनके कंधों पर एक आंदोलन के रास्ते को प्रोपागेट करने की बजाय इन माओवादी-नक्सल ताक़तों से देश को भली भांति अवगत करवाना चाहिए।
 

08:24 PM, 12-Dec-2020

'देशभर में किसान खुश हैं उन्हें दिख रहा है कि नया निवेश आएगा'

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि देशभर में किसान खुश हैं उन्हें दिख रहा है कि नया निवेश आएगा, इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित होगा, रोज़गार के नए अवसर बनेंगे। इन सब अवसरों से माओवादी ताक़तें किसानों को वंचित रखना चाहती हैं।  
 

08:11 PM, 12-Dec-2020

'विपक्ष के 18 दलों ने मिलकर कोशिश कर ली पर भारत नहीं बंद हुआ'

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि मैं समझता हूं कि विपक्ष के 18 दलों ने मिलकर कोशिश कर ली पर भारत नहीं बंद हुआ। भारत चलेगा, भारत और तेज़ चलेगा, दौड़ेगा। ये विश्वास आज देश में है। 
 

07:58 PM, 12-Dec-2020

अधिकांश किसान कानूनों के साथ खड़े हैं: पीयूष गोयल 

पीयूष गोयल ने कहा कि मुझे विश्वास है कि अधिकांश किसान कानूनों के साथ खड़े हैं, उनमें से कुछ के पास कुछ आरक्षण थे जो बातचीत के माध्यम से हल किए गए थे। एक बिंदु डालने के बाद तालिका छोड़ने से कोई हल नहीं निकलता है, जिससे पता चलता है कि शायद आंदोलन उनके हाथ से निकल गया है।
 

07:49 PM, 12-Dec-2020

'ऐसा डर का माहौल इन नक्सल लोगों ने बना दिया है कि...'

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि सबका विश्वास रहता है कि हमारे लीडर हमारा ध्यान रखेंगे पर शायद यहां ऐसे लीडर हैं ही नहीं। ऐसा डर का माहौल इन नक्सल लोगों ने बना दिया है कि जो किसान नेता असल मुद्दों की बात करना भी चाहते हैं तो किसी में हिम्मत ही नहीं बन पा रही है क्योंकि ये डरा देते हैं। 
 

07:39 PM, 12-Dec-2020

भारत सरकार के द्वार 24 घंटे किसानों के लिए खुले: पीयूष गोयल

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत सरकार के द्वार 24 घंटे किसानों के लिए खुले हैं। मैं समझता हूं कि अगर ये किसान आंदोलन माओवादी और नक्सल ताकतों से मुक्त हो जाए, तो हमारे किसान भाई-बहन जरूर समझेंगे कि किसान के ये बिल उनके और देशहित के लिए हैं।
 

07:05 PM, 12-Dec-2020

टिकरी बॉर्डर पर ड्रोन से नजर

किसानों का कृषि कानूनों के विरोध के 17वें दिन भी टिकरी बॉर्डर (दिल्ली-हरियाणा सीमा) पर धरना जारी है। वहीं बॉर्डर पर सुरक्षाकर्मी भी तैनात हैं। स्थिति पर नजर रखने के लिए ड्रोन का इस्तेमाल किया जा रहा है।
 

06:54 PM, 12-Dec-2020

भाजपा सांसद महेश शर्मा का बयान

भाजपा सांसद महेश शर्मा ने कहा कि मैंने किसानों भाइयों को विश्वास दिलाया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई भी कदम किसानों के हित के खिलाफ नहीं जाएगा। किसानों के किसी भी चिंतन के लिए खुले मन से हमारी सरकार और मंत्री तैयार हैं। मोदी जी ने आजतक जितने फैसले लिए हैं गरीबों के हित और किसानों के हित में ही लिए हैं।
 

06:46 PM, 12-Dec-2020

मुझे संसद की सदस्यता से इस्तीफा भी देना पड़ा तो वह भी दूंगा: बेनीवाल

हनुमान बेनीवाल ने कहा, हम कांग्रेस या अन्य दलों के राजनीतिक शिकार नहीं होना चाहते इसलिए हनुमान बेनीवाल यह प्रण लेता है कि बिना किसी लोभ-लालच के किसानों के लिए अगर मुझे संसद की सदस्यता से इस्तीफा भी देना पड़ा तो वह भी दूंगा।
 

06:40 PM, 12-Dec-2020

लोकसभा में कृषि बिलों को फाड़कर फेंक देता

राजस्थान में एनडीए के सहयोगी दल रालोपा (राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी) से नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने भी किसान आंदोलन के समर्थन में अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने कहा कि किसान विरोधी तीन बिल जिस दिन लोकसभा में आए, अगर मैं उस दिन होता तो लोकसभा के अंदर बिलों को फाड़कर फेंक देता। उन्होंने आगे कहा कि जिस तरह से अकाली दल ने इन बिलों का विरोध किया, उसी तरह मैं भी विरोध करता। 
 

06:32 PM, 12-Dec-2020

अंबानी और अडानी के माल पर हम धरना देंगे: प्रेम सिंह गहलावत 

दिल्ली के बुराड़ी निरंकारी ग्राउंड में कृषि कानूनों के विरोध में डटे अखिल भारतीय किसान महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रेम सिंह गहलावत ने कहा कि पलवल और जयपुर रोड को जयपुर से आए संगठन आज बंद करेंगे। अंबानी और अडानी के माल पर हम धरना देंगे। जिओ सिम और जिओ फोन का बहिष्कार किया गया है। हरियाणा के टोल फ्री करवाए जाएंगे।
 

06:24 PM, 12-Dec-2020

पंजाब से आने वाले किसानों की ट्रॉलियों को रोका जा रहा है: गुरनाम सिंह

किसान नेता गुरनाम सिंह ने कहा कि पंजाब से आने वाले किसानों की ट्रॉलियों को रोका जा रहा है। हम सरकार से किसानों को दिल्ली पहुंचने की अनुमति देने की अपील करते हैं। अगर सरकार 19 दिसंबर से पहले हमारी मांगों को नहीं मानती है, तो हम उसी दिन गुरु तेग बहादुर के शहीदी दिवस से उपवास शुरू करेंगे।
 

06:19 PM, 12-Dec-2020

14 तारीख को अनशन पर बैठेंगे: पन्नू

किसान नेता कमल प्रीत सिंह पन्नू ने कहा कि सभी किसान संगठनों के प्रतिनिधि और अध्यक्ष स्टेज पर 14 तारीख को अनशन पर बैठेंगे। हम अपनी माताओं और बहनों से इस आंदोलन में शामिल होने का आह्वान करते हैं। उनके रहने, ठहरने और टॉयलेट का प्रबंध करने के बाद हम उन्हें इस आंदोलन में शामिल करेंगे। 
 

06:16 PM, 12-Dec-2020

कल राजस्थान बॉर्डर से निकालेंगे ट्रैक्टर मार्च: पन्नू

सिंघु बॉर्डर से संयुक्त किसान आंदोलन के नेता कमल प्रीत सिंह पन्नू ने कहा कि कल 11 बजे शाहजहांपुर (राजस्थान) से जयपुर-दिल्ली वाला जो रोड है उसे रोकने के लिए हज़ारों की संख्या में किसान ट्रैक्टर मार्च करेंगे।
 

06:07 PM, 12-Dec-2020

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने हरियाणा के किसान नेताओं के साथ की बैठक

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने हरियाणा के किसान नेताओं के साथ दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में बैठक की।
 

06:05 PM, 12-Dec-2020

हम शांतिपूर्वक इस आंदोलन को जीत की ओर ले जाएंगे: पन्नू

कमल प्रीत सिंह पन्नू ने कहा कि हम अपने आंदोलन को विफल करने के लिए केंद्र द्वारा किसी भी प्रयास को विफल करेंगे। हमें विभाजित करने और हमारे आंदोलन के लोगों को भड़काने के लिए सरकार ने कुछ छोटे प्रयास किए थे। लेकिन, हम शांतिपूर्वक इस आंदोलन को जीत की ओर ले जाएंगे।
 

06:01 PM, 12-Dec-2020

14 दिसंबर को भूख हड़ताल पर बैठेंगे किसान नेता

किसानों ने आंदोलन तेज कर दिया है। संयुक्ता किसान आंदोलन के नेता कमल प्रीत सिंह पन्नू ने कहा कि सभी किसान यूनियनों के नेता सिंघु बॉर्डर पर 14 दिसंबर को भूख हड़ताल पर बैठेंगे। हम चाहते हैं कि सरकार तीनों कृषि बिल वापस ले, हम संशोधन के पक्ष में नहीं हैं। केंद्र हमारे आंदोलन को विफल करना चाहता है, लेकिन हम इसे शांतिपूर्वक जारी रखेंगे। 
 

05:41 PM, 12-Dec-2020

उम्मीद है कि केंद्र और किसानों के बीच सहमति बनेगी: चौटाला

हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कृषि मंत्री से मुलाकात के बाद कहा कि मुझे उम्मीद है कि केंद्र और किसानों के बीच सहमति बनेगी। हम इस मुद्दे को बातचीत से हल कर सकते हैं। 
 

05:30 PM, 12-Dec-2020

दुष्यंत चौटाला ने कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से की मुलाकात

हरियाणा के उपमुख्यमंत्री और जननायक जनता पार्टी (JJP) के नेता दुष्यंत चौटाला ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से दिल्ली में मुलाकात की।
 

05:20 PM, 12-Dec-2020

मुरादाबाद: इब्राहिमपुर टोल प्लाजा पर प्रदर्शन

मुरादाबाद के बिलारी में हाइवे स्थित इब्राहिमपुर टोल प्लाजा पर प्रदर्शन करते और सीओ से मिलकर रोष जताते भारतीय किसान यूनियन असली के कार्यकर्ता

05:10 PM, 12-Dec-2020

मुरादाबाद में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने जताया विरोध

मुरादाबाद के बिलारी के सिहारी लता गांव में प्रशासन द्वारा टोल पर जाने के लिए रोकने से नाराज भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। 

04:57 PM, 12-Dec-2020

कांग्रेस कार्यकर्ता हाउस अरेस्ट 

कृषि कानूनों को रद्द करने के लिए किसानों के समर्थन में गाजियाबाद के कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर अपनी बात रखना चाहते थे। पुलिस ने यूपी बॉर्डर के कार्यालय में ही रोक लिया। सभी को हाउस अरेस्ट कर दिया गया। इस दौरान नरेंद्र राठी ने कहा सरकार का तानाशाही रवैया लगातार बढ़ता जा रहा है। पूर्व प्रभारी प्रचार समिति उत्तर प्रदेश के एन पांडेय ने कहा कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है। अपनी बात कहने वाले को दबाया जा रहा है। किसानों के इस आंदोलन में कांग्रेस किसानों के साथ है।

04:49 PM, 12-Dec-2020

आगरा में इनर रिंग रोड के रहन कलां टोल प्लाजा पर जाम

आगरा में इनर रिंग रोड के रहन कलां टोल प्लाजा पर कई लेन बंद है। इसके कारण वाहनों की लंबी कतार लग गई है। टोल पर पीएसी के जवान तैनात हैं।

04:39 PM, 12-Dec-2020

लखनऊ-कानपुर हाइवे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे टोल प्लाजा पर पुलिस तैनात

किसानों के प्रदर्शन को लेकर लखनऊ-कानपुर हाइवे और लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे टोल प्लाजा पर भारी पुलिस बल तैनात है। अभी तक माहौल पूरी तरह से शांत है। वहीं कानपुर देहात स्थित बारा टोल प्लाजा फ्री नहीं हो सका। यहां भाकियू पदाधिकारी नहीं आए। हालांकि भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

04:34 PM, 12-Dec-2020

महाराजगंज: छपवा टोल प्लाजा पर पुलिस की सतर्कता बढ़ी

किसानों के टोल प्लाजा घेराव के आह्वान का नौतनवां में कोई असर देखने को नहीं मिला। हर दिन की तरह शनिवार की सुबह भी स्थितियां सामान्य रहीं। हालांकि सुरक्षा व्यवस्था के दृष्टिगत उपद्रवों से निपटने को लेकर नौतनवां क्षेत्र के छपवा टोल पर सीओ अजय सिंह चौहान व थानाध्यक्ष छोटेलाल के नेतृत्व में व्यापक स्तर पर पुलिस फोर्स तैनात रही।
 

04:13 PM, 12-Dec-2020

बस्ती में फोरलेन पर बढ़ाई निगरानी

बस्ती जिले में किसान आंदोलन को लेकर आधी रात को फोरलेन पर अचानक निगरानी बढ़ा दी गई थी। सुरक्षा प्रबंधों के तहत अग्नि शमन विभाग व यूपी 112 को भी अलर्ट कर दिया गया था। खुफिया एजेंसियां टोल प्लाजा को लेकर किसानों की गतविधियों पर नजर रखने को कहा गया है। 

04:06 PM, 12-Dec-2020

सिंघु बॉर्डर पर व्यवस्था करते किसान।

सिंघु बॉर्डर पर बारिश से बचने के लिए व्यवस्था करते किसान।


 

03:55 PM, 12-Dec-2020

सिंघु बॉर्डर पर मक्के की रोटी, सरसों का साग

दिसंबर की सर्दी के साथ सिंघु बॉर्डर पर मक्के की रोटी, सरसों का साग और मक्खन का प्रसादा शुरू हो चुका है 


03:49 PM, 12-Dec-2020

मंत्रियों और कंगना के पुतले टावर पर लटकाए 

सिंघु बॉर्डर पर केंद्र सरकार के विरोध में केंद्र के मंत्रियों और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना के पुतले टावर पर लटकाए गए हैं।  


03:43 PM, 12-Dec-2020

हम एमएसपी के लिए एक कानून चाहते हैं: डूंगर सिंह

उत्तर प्रदेश के किसान नेता डूंगर सिंह ने कहा कि हम आलू, गन्ना, अनाज, सब्जियां और दूध समेत अपनी सभी उपज का एमएसपी चाहते हैं। हम लिखित रूप में यह गारंटी नहीं चाहते हैं, लेकिन हम एमएसपी के लिए एक कानून चाहते हैं।
 

03:37 PM, 12-Dec-2020

हम एमएसपी पर आश्वासन चाहते हैं: सरदार वीएम सिंह 

अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के सरदार वीएम सिंह ने कहा कि हम एमएसपी पर आश्वासन चाहते हैं। हम इसके तहत अपनी फसल की खरीद की गारंटी चाहते हैं। अगर आप (सरकार) एमएसपी गारंटी बिल लेकर आएंगे तो किसानों को फायदा होगा।
 

03:32 PM, 12-Dec-2020

फतेहाबाद टोल प्लाजा पर आवागमन सामान्य

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के फतेहाबाद टोल प्लाजा पर वाहनों का आवागमन सामान्य है। यहां सुबह कुछ किसानों ने इनर रिंग रोड से आने की कोशिश की थी, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। फोर्स तैनात है।
 

03:13 PM, 12-Dec-2020

किसानों ने किया डॉ. महेश शर्मा का घेराव

किसानों के आंदोलन का आज 17वां दिन है। सिंघु बॉर्डर से किसान नेताओं ने टोल प्लाजा फ्री करने के साथ ही भाजपा के मंत्रियों और नेताओं, सांसदों का घेराव करने का आह्वान किया था जिसके बाद आज किसानों ने गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा का घेराव करने उनके निवास पर पहुंचे।

03:06 PM, 12-Dec-2020

नोएडा में ट्रैफिक सामान्य

गौतमबुद्ध नगर के एडिशनल सीपी लव कुमार ने बताया कि हमने टोल प्वाइंट्स पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात कर दिए हैं। एसीपी भी मौजूद हैं। पीएसी प्लाटून भी तैनात हैं। कहीं भी कोई परेशानी नहीं है, हमने सभी तैयारी की है कि आम लोगों को कोई परेशानी न हो। अब तक किसी भी अनहोनी कोई खबर नहीं मिली है। ट्रैफिक सामान्य चल रहा है। हम अपने ट्विटर हैंडल पर लगातार ट्रैफिक अपडेट डाल रहे हैं ताकि लोगों को कोई कंफ्यूजन न हो।
 

02:50 PM, 12-Dec-2020

भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के कार्यकर्ताओं ने कराया सामूहिक मुंडन

दलित प्रेरणा स्थल में सामूहिक मुंडन कराते भारतीय किसान यूनियन लोक शक्ति के कार्यकर्ता। 

02:37 PM, 12-Dec-2020

सिंघु बॉर्डर पर कृषि कानून के विरोध में किसानों ने निकाली बरात

सिंघु बॉर्डर पर मोदी सरकार और कृषि कानूनों के विरोध में किसानों ने ट्रैक्टर पर बरात निकाली। किसानों ने मुंह पर सेहरा बांध कर केंद्र सरकार का विरोध जताया।

02:31 PM, 12-Dec-2020

बारा टोल प्लाजा नहीं हो सका फ्री

कानपुर देहात का बारा टोल प्लाजा फ्री नहीं हो सका। वहां भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारी नहीं पहुंचे। टोल पर भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात है।

02:25 PM, 12-Dec-2020

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर रविवार को होगा किसानों का 'दिल्ली मार्च'

योगेंद्र यादव ने कहा कि, जयपुर-दिल्ली हाईवे पर किसानों का 'दिल्ली मार्च' आज नहीं होगा। यह मार्च कल यानी रविवार 13 दिसंबर को शाहजहांपुर बॉर्डर से शुरू होगा। आज राजस्थान और हरियाणा के किसान कोटपुतली और बहरोड़ में एकत्रित होंगे।

02:18 PM, 12-Dec-2020

रुड़की में किसानों ने दो घंटे तक किया टोल फ्री

किसान नेताओं ने दिल्ली में चल रहे आंदोलन के तहत पूर्व घोषित कार्यक्रम के अनुसार शनिवार को रुड़की क्षेत्र के भगवानपुर में टोल प्लाजा पर हंगामा एवं प्रदर्शन किया। इस दौरान करीब 2 घंटे तक किसानों ने टोल फ्री रखा। मौके पर अफरातफरी की स्थिति रही, भारी संख्या में पुलिस बल भी पहुंची। हालांकि दोपहर करीब 1:30 बजे किसानों ने प्रशासन को अपनी मांगों के बाबत ज्ञापन सौंपने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इसके बाद टोल भी सुचारू कर दिया गया।

02:13 PM, 12-Dec-2020

दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार किसानों की बात सुनने की बजाय उसे दबा रही हैः एसएस बादल

शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख एसएस बादल ने आज कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि केंद्र सरकार किसानों की बात सुनने की बजाय उनकी आवाज दबाने की कोशिश कर रही है। आखिर सरकार क्यों नहीं मान रही है, जिनके लिए कानून बनाया गया है वो ही ये कानून नहीं चाहते? मैं प्रधानमंत्री से अनुरोध करता हूं कि वह किसानों की बात सुनें।
 

02:01 PM, 12-Dec-2020

चिल्ला बॉर्डरः एसीपी रजनीश किसानों संग खेले क्रिकेट

चिल्ला बॉर्डर पर आज पुलिस का अलग रंग देखने को मिला। यहां एसीपी रजनीश वर्मा ने किसानों के साथ क्रिकेट खेला।

01:59 PM, 12-Dec-2020

प्रदर्शन में शरारती तत्वों को रोकने के लिए तैनात किए सुरक्षा बलः यूपी एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर)

किसान आंदोलन में असामाजिक तत्वों के शामिल होने के इनपुट पर यूपी पुलिस ने अपनी सतर्कता बढ़ा दी है। यूपी के एडीजी(लॉ एंड ऑर्डर) प्रशांत कुमार ने कहा है कि हमने सुरक्षाबल तैनात किए हैं जो नजर रख रहे हैं कि प्रदर्शन में कोई शरारती तत्व शामिल न हो। हम वो सभी कदम उठा रहे हैं जिससे लोगों का आंदोलन प्रभावित न हो। हम यह भी सुनिश्चित कर रहे हैं कि कोई भी असामाजिक तत्व जो परेशानी उत्पन्न करने की कोशिश करे उससे सख्ती से निपटा जाए।
 

01:50 PM, 12-Dec-2020

मुरादाबादः किसानों का टोल पर हंगामा

मुरादाबाद में किसानों ने टोल प्लाजा पर हंगामा किया। पुलिस ने किसानों को बमुश्किल हटाया। आज मुख्यमंत्री को मुरादाबाद में आना है और किसानों को लेकर पुलिस अतिरिक्त सख्ती बरत रही है बावजूद इसके किसान दिल्ली बरेली हाईवे पर इकरोटिया टोल प्लाजा पहुंच गए और हंगामा किया पुलिस ने उन्हें किसी तरह से हटाया।

01:46 PM, 12-Dec-2020

फरीदाबाद टोल प्लाजा पर तैनात है पुलिस

फरीदाबाद टोल प्लाजा पर वाहन रोजमर्रा की तरह गुजर रहे हैं। टोल प्लाजा के शिफ्ट इंचार्ज अजय गौर ने कहा कि यहां पुलिस तैनात है, अगर हमें एनएचएआई की तरफ से कोई दिशा-निर्देश मिलता है तो हम उसका पालन करेंगे।
 

01:39 PM, 12-Dec-2020

दुहाई टोल भी हुआ फ्री

दुहाई टोल पर भी कुछ घंटो से भाकियू कार्यकर्ता बैठे हुए हैं और टोल फ्री कर दिया है जिसके बाद वहां से वाहन फर्राटा भर रहे हैं।

01:18 PM, 12-Dec-2020

गढ़ में किसानों ने दो घंटे तक चलाया टोल

गढ़ में टोल प्लाजा पर करीब 2 घंटे किसानों के विभिन्न संगठनों ने धरना प्रदर्शन किया और टोल को फ्री चलाया। इसी बीच 10 मिनट के लिए टोल प्लाजा प्रबंधन द्वारा टोल को चलाया गया तो भाकियू भड़क गई और किसानों ने धरना प्रदर्शन फिर चालू रखा।

01:11 PM, 12-Dec-2020

सहारनपुर-अंबाला हाईवे के शाहजहांपुर टोल को भी किसानों ने कराया फ्री

सहारनपुर-अंबाला हाईवे पर शाहजहांपुर में भी टोल प्लाजा पर भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ता पहुंचे। इन्होंने 11 बजे से टोल फ्री करा दिया गया। वाहनों को बगैर टोल वसूली के निकलवाया जा रहा है और धरना दिया जा रहा है।

01:08 PM, 12-Dec-2020

मुजफ्फरनगर-सहारनपुर राज्य स्टेट हाईवे पर कराया टोल फ्री

मुजफ्फरनगर में भारतीय किसान यूनियन के कार्यकर्ताओं ने मुजफ्फरनगर-सहारनपुर राज्य स्टेट हाईवे पर स्थित रोहाना टोल प्लाजा पर धरना प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने आंदोलन के चलते टोल फ्री करा दिया।

 

01:04 PM, 12-Dec-2020

झांसीः टोल नाकों पर बढ़ाई सुरक्षा, पुलिस तैनात

किसान आंदोलन के चलते जिले की सीमा में आने वाले सभी टोल नाकों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुबह से सभी छह टोला प्लाजा पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है। यातायात सुचारु रूप से जारी है। किसानों की ओर से टोल नाकों पर आंदोलन जैसे अभी कोई संकेत नहीं दिए गए हैं। बावजूद, सतर्कता बरती जा रही है।

12:50 PM, 12-Dec-2020

यूपीः रामपुर में गुरुवार से जारी किसानों का धरना समाप्त

दिल्ली जाने से रोके जाने के विरोध में भोट के पास नैनीताल हाईवे पर किसानों ने गुरुवार की दोपहर जो  धरना शुरू किया था वह शनिवार की सुबह 11 बजे समाप्त हो गया। किसान नेताओं ने बताया कि जिला प्रशासन से हमारी बात हो गई है, दिल्ली जाने की इजाजत दे दी गई है। किसान नेताओं ने बताया कि रहा। आज टोल प्लाजा पर प्रदर्शन होगा। नैनीताल हाईवे पर टोल प्लाजा अभी निर्माणाधीन है।


 

12:28 PM, 12-Dec-2020

गाजीपुर बॉर्डर से दिल्ली की तरफ पैदल मार्च करते किसान

राकेश टिकैत के नेतृत्व में दिल्ली-गाजीपुर बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों ने दिल्ली की ओर मार्च निकाला है। राकेश टिकैत ने बताया कि इस मार्च के जरिए हम सरकार को संदेश देना चाहते हैं कि वो हमारी बात सुने।

12:28 PM, 12-Dec-2020

ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर किसानों ने फ्री किया टोल

ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेसवे पर किसानों ने टोल फ्री कर दिया है।

12:23 PM, 12-Dec-2020

यूपी गेटः बारिश से भी नहीं हटे किसान, बड़ी संख्या में जुटे हैं प्रदर्शनकारी

बारिश के बाद खुले में लगे टेंट किसानों ने खाली कर दिए, हालांकि उनका हौसला कम नहीं हुआ है। वह किसी भी परेशानी के चलते अपनी मांग से पीछे हटने को तैयार नहीं हैं। बारिश से बचने के लिए किसानों ने गाजीपुर बॉर्डर पर तिरपाल लगा लिए हैं। बारिश व ठंड के बाद भी आज बड़ी संख्या में यूपी गेट पर किसान जुटे हैं। 



 

12:17 PM, 12-Dec-2020

राजस्थान के सांसद ने दिल्ली की ओर शुरू किया मार्च

राजस्थान में आरएलपी के नेता और नागौर के सांसद हनुमान बेनीवाल दिल्ली की ओर मार्च शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि हजारों किसान कोठपुतली में मिलेंगे और आगे की कार्रवाई पर चर्चा करेंगे। सरकार को एमएसपी बढ़ानी चाहिए और किसानों की बात सुननी चाहिए।
 

12:08 PM, 12-Dec-2020

मोदी सरकार में बढ़ी एमएसपीः कृषि मंत्री

कृषि मंत्री ने ये भी कहा कि मोदी सरकार में फसलों पर एमएसपी बढ़ी है। हमारी हमेशा यही कोशिश रहती है कि मार्केट में बैलेंस बनाया जा सके। किसानों को ये आंदोलन खत्म करना चाहिए, इससे दिल्ली के नागरिक भी परेशान हैं। हम ये बिल इसलिए लाए हैं कि ओपन ट्रेड के जरिए किसानों को उसकी फसल का वाजिब दाम मिलेगा।

12:03 PM, 12-Dec-2020

किसानों का आंदोलन चिंता का विषय हैः कृषि मंत्री

कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने एक निजी चैनल से बातचीत में किसान आंदोलन के बारे में कहा कि यह चिंता का विषय है। किसानों को चिंता करने की आवश्यकता नहीं है, एमएसपी चलती रहेगी। उन्होंने एक बार फिर इस बात पर जोर दिया कि सरकार ने किसानों को लिखित प्रस्ताव भेजा था लेकिन किसानों की ओर से अब तक कोई उत्तर नहीं आया है। 

11:35 AM, 12-Dec-2020

इन कानूनोंं से किसानों को बहुत ज्यादा फायदा होगाः पीएम मोदी

प्रधानमंत्री ने शनिवार को फिक्की के कार्यक्रम में कहा कि सारी दीवारें हटाई जा रही हैं और इनसे किसानों को फायदा होगा। इन कानूनों से कृषि क्षेत्र में निवेश होगा। इससे सबसे ज्यादा फायदा हमारे देश के किसान को होने वाला है। नए कृषि कानून से किसानों की आमदनी बढ़ेगी। कृषि क्षेत्र में निवेश से किसानों को बहुत ज्यादा फायदा होगा।

11:07 AM, 12-Dec-2020

माओवादी हैं तो सरकार हमें दें, हम खेत में काम कराएंगेः राकेश टिकैत

भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत से जब पूछा गया कि सरकार कह रही है कि अल्ट्रा लेफ्ट और माओवादियों ने किसानों का आंदोलन हाइजैक कर लिया है तो उन्होंने पूछा कहां हैं माओवादी? अगर सरकार को मिल रहे हैं तो हमें दे दें, हम उनसे खेतों में काम कराएंगे। उन्होंने ये भी कहा कि हमारे खुफिया तंत्र को उन्हें अब तक तो पकड़ लेना चाहिए था। अगर किसी प्रतिबंधित संस्था का कोई शख्स हमारे आसपास घूम रहा है तो उन्हें जेल में डाला जाए। हमें तो ऐसा कोई शख्स यहां नहीं दिखा, अगर हमें दिखा तो हम उसे यहां से भगा देंगे।
 

11:04 AM, 12-Dec-2020

बारिश के बाद भी नहीं कम हुआ है किसानों का जोश

बारिश के बाद भी किसानों का जोश कम नहीं हुआ है। बीते 16 दिनों की तरह ही आज भी किसान अपनी दिनचर्या में लगे हुए हैं और किसी भी हालत में आंदोलन खत्म करने को तैयार नहीं है।

10:37 AM, 12-Dec-2020

यूपी में अभी नहीं हुए हैं टोल फ्री

आगरा टोल प्लाजा समेत यूपी के कई टोल प्लाजा पर नियमित रूप से वाहन चल रहे हैं। आगरा के एएसपी(पश्चिम) ने बताया कि इस रेंज में पांच प्रमुख टोल प्लाजा हैं और यहां हमें किसी किसान द्वारा टोल फ्री करने की कोई सूचना नहीं है। हम प्लाजा पर भी नजर रखे हुए हैं।  
 

 

10:36 AM, 12-Dec-2020

आज रात 12 बजे तक फ्री रहेगा शंभु टोल प्लाजा

शंभु टोल प्लाजा जिसे बीती रात से ही किसानों ने फ्री कर दिया है उसके इंचार्ज रवि तिवारी का कहना है कि यह टोल प्लाजा कल रात 12 बजे से ही फ्री है। कुछ किसान आए थे और अपने आंदोलन के चलते ये टोल फ्री कर दिया। हमें अब तक कोई आदेश नहीं मिला है कि कब तक टोल प्लाजा बंद रखना है लेकिन किसानों का कहना है कि आज रात 12 बजे तक बंद रहेगा।
 

10:26 AM, 12-Dec-2020

हरियाणा के कुरुक्षेत्र से किसानों ने किया दिल्ली कूच

हरियाणा के कुरुक्षेत्र से किसानों ने आज दिल्ली की ओर कूच किया है। वह प्रदर्शनकारी किसानों से साथ आंदोलन में शामिल होने के लिए ट्रैक्टर ट्रॉली से निकले हैं।
 

10:13 AM, 12-Dec-2020

फरीदाबाद के सराय टोल प्लाजा पर नहीं है कोई असर

फरीदाबाद में सराय टोल  प्लाजा पर कैश लाइन में पर्ची लेते हो वाहन चालक, फास्टैग लाइन से गुजरते वाहन देखे जा सकते हैं क्योंकि यहां किसानों के टोल फ्री आंदोलन का असर नहीं है। यहां बड़ी संख्या में टोल प्लाजा पर सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात हैं।

 

10:10 AM, 12-Dec-2020

अंबाला के शंभु टोल प्लाजा को किसानों ने किया फ्री

किसानों ने अपने आंदोलन के तहत हरियाणा के शंभु टोल प्लाज को फ्री कर दिया है जिसके बाद यहां से वाहन तेजी से आ जा रहे हैं।
 

09:52 AM, 12-Dec-2020

किसान आंदोलन: 14 दिसंबर को भूख हड़ताल पर बैठेंगे अन्नदाता, कहा- संशोधन मंजूर नहीं

हरियाणा के बस्तारा टोल प्लाजा को किसानों ने किया फ्री
हरियाणा के बस्तारा टोल प्लाजा को किसानों ने अपने आंदोलन के तहत कल रात से ही फ्री कर दिया है। इसके बाद से यहां से वाहन बिना टोल टैक्स दिए निकल रहे हैं।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें