फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Farmers Protest: अमित शाह की बुराड़ी जाने की अपील पर बोले किसान- हमें हटाने की शर्त ठीक नहीं कल लेंगे फैसला

Sat, 28 Nov 2020 11:06 PM IST
प्राची प्रियम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

केंद्र सरकार द्वारा पारित नए कृषि कानूनों के विरोध में किसानों का प्रदर्शन लगातार तीसरे दिन जारी है। विरोध प्रदर्शन के लिए एक स्थान निर्धारित होने के बावजूद किसानों ने शुक्रवार की रात हरियाणा की सिंघु बॉर्डर पर गुजारी। अब शनिवार को किसानों ने एक बार फिर बैठक की, जिसमें उन्होंने आगे की रणनीति पर मंथन किया। इसके बाद किसानों ने सिंघु बॉर्डर से नहीं हटने का फैसला लिया है। पुलिस लगातार किसान नेताओं के संपर्क में है और उन्हें समझाने का प्रयास कर रही है। यहां पढ़ें किसान आंदोलन से संबंधित हर अपडेट-
विज्ञापन
किसानों ने फूंका पीएम मोदी का पुतला - फोटो : शुभम बंसल
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:05 PM, 28-Nov-2020

अमित शाह की बॉर्डर पर बैठकर प्रदर्शन कर रहे किसानों से बुराड़ी शिफ्ट होने की अपील से प्रदर्शनकारी नाखुश हैं। उनका कहना है कि गृहमंत्री की यह शर्त ठीक नहीं है। हम अपने आंदोलन को लेकर कल फैसला करेंगे।

08:03 PM, 28-Nov-2020

शांतिपूर्ण तरीके से करेंगे प्रदर्शन तो तीन दिसंबर से पहले भी कर सकते हैं बातः अमित शाह

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि भारत सरकार किसानों से बात करने के लिए तैयार है लेकिन इसके लिए शर्त ये है कि किसान शांतिपूर्ण ढंग से बुराड़ी में प्रदर्शन करें। उनका कहना है कि जिस दिन आप बुराड़ी के निरंकारी समागम ग्राउंड में शिफ्ट होंगे उसके अगले ही दिन सरकार आपसे बात करेगी।

05:39 PM, 28-Nov-2020

राकेश टिकैत ने किसानों से किया आह्वान- लड़ाई लंबी चलेगी बड़ी संख्या में पहुंचें किसान

भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने किसानों से आह्वान किया है कि लड़ाई अब लंबी चलेगी। उन्होंने कहा कि लड़ाई लंबी चलेगी तो अब संख्या बढ़ाने की जरूरत है, इसलिए कल से सभी किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली के साथ यहां पहुंचें।

विज्ञापन
05:05 PM, 28-Nov-2020

बुराड़ी पर जमा किसान नहीं छोड़ेंगे दिल्ली

दिल्ली के बुराड़ी के निरंकारी समागम ग्राउंड में भी सैकड़ों किसान प्रदर्शन कर रहे हैं। वहां प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि हम सरकार पर भरोसा नहीं करते, हमारी पहले भी बात हुई थी लेकिन कोई हल नहीं निकला। हम चाहते हैं कि सरकार ये कानून वापस ले।

04:53 PM, 28-Nov-2020

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से जिम्मेदाराना रवैया अपनाने की अपील की

बाहरी उत्तरी जिला के डीसीपी गौरव शर्मा ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण प्रदर्शन की इजाजत पहले ही दे दी गई है। दिल्ली पुलिस पूरी तरह से तैयार है बुराड़ी में प्रदर्शन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए। हम प्रदर्शनकारियों से जिम्मेदाराना रवैया अपनाने की गुजारिश करते हैं।

 

विज्ञापन
04:45 PM, 28-Nov-2020

यमुना एक्सप्रेस वे के रास्ते दिल्ली कूच के लिए निकले भारतीय किसान यूनियन भानू के किसान।


 

04:38 PM, 28-Nov-2020

सिंघु बॉर्डर पर ही डटे रहेंगे किसान

भारतीय किसान यूनियन के पंजाब जनरल सेक्रेटरी हरिंदर सिंह ने दिल्ली हरियाणा के सिंघु बॉर्डर पर चल रही बैठक खत्म होने के बाद कहा कि, 'यह सुनिश्चित हुआ है कि हम अपना प्रदर्शन यहीं जारी रखेंगे और कहीं नहीं जाएंगे। हम रोजाना सुबह 11 बजे मिलकर अपनी रणनीति तय करेंगे।' 
 

 

04:18 PM, 28-Nov-2020

यूपी गेट की बैरिकेडिंग तोड़ भाकियू के किसानों ने दिल्ली की तरफ खड़ी की गाड़ियां

यूपी गेट पर बैरिकेडिंग को तोड़ने के बाद भारतीय किसान यूनियन से जुड़े हुए जितने भी किसान हैं, उन्होंने दिल्ली के तरफ गाड़ियां खड़ी कर दी हैं, जिस वजह से जाम लगा है। इसके अलावा भारतीय किसान यूनियन के जो राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं, उन्होंने अभी निर्णय लिया है कि दिल्ली यूपी बॉर्डर के पास जो यूपी गेट बना हुआ है उस में बैठकर सभी किसानों के साथ बातचीत होगी और वह अपनी अगली योजना की पूरी रणनीति तय करेंगे।

04:08 PM, 28-Nov-2020

पुलिस ने किसानों को खाना देने के लिए बैरीकेड हटाने से मना कर दिया

टीकरी बॉर्डर पर करीब 4 बजे किसानों के लिए खाना लेकर पहुंचे मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा मनोहर लाल खट्टर ने जो भी बयान दिया है वह गलत है। गुरुद्वारा बंगला साहिब की तरफ से वह किसानों के लिए खाना लेकर आए थे, लेकिन पुलिस ने किसानों को खाना देने के लिए बैरीकेड हटाने से मना कर दिया।

03:04 PM, 28-Nov-2020

आंदोलन में शामिल हुए कुछ असामाजिक तत्व: खट्टर

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने कहा कि किसान आंदोलन में कुछ असामाजिक तत्व घुस चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे पास रिपोर्ट है लेकिन इसका खुलासा अभी करना ठीक नहीं है। जैसे ही कोई पुख्ता प्रमाण मिलेगा तो जरूर बताया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आंदोलन की कई आॉडियो-वीडियो भी वायरल हुए हैं। जिसमें वह कह रहे हैं कि 'जब इंदिरा गांधी को ये कर सकते हैं तो मोदी को क्यों नहीं कर सकते हैं।'

02:43 PM, 28-Nov-2020

आंदोलन में हरियाणा के किसानों की भूमिका नहीं: खट्टर 

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि किसान आंदोलन को पंजाब के किसानों ने खड़ा किया है, इस आंदोलन को किसानों की बजाए राजनीतिक दलों और संस्थाओं ने प्रायोजित किया है। हरियाणा के किसानों ने आंदोलन में भागीदारी नहीं की है।
 

02:43 PM, 28-Nov-2020

किसानों के नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए

उन्होंने कहा कि मैं राजनीतिक दल के लोगों को कहना चाहता हूं कि अगर उनको राजनीति करनी है तो अपने नाम पर राजनीति करें, लेकिन किसानों के नाम पर सियासत नहीं होनी चाहिए। 

 

02:38 PM, 28-Nov-2020

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर बोले- हम बातचीत के लिए तैयार हैं

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारत सरकार किसानों की समस्याओं के लिए किसान यूनियन से बात करने के लिए पूरी तरह तैयार है। हमने उनको तीन दिसंबर का आमंत्रण भेजा है और मुझे आशा है कि वो सब लोग आएंगे और इस संवाद के माध्यम से रास्ता ढूढेंगे। 

02:05 PM, 28-Nov-2020

यूपी महिला कॉग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने किया प्रदर्शन

उत्तर प्रदेश महिला कॉग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा अटल पाल ने कार्यकर्ताओं के साथ जिलाधिकारी कार्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश सरकार को किसानों व महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध को रोकने की चेतावनी दी। 

01:39 PM, 28-Nov-2020

अखिलेश यादव ने भाजपा पर बोला हमला

लखनऊ में प्रेस कांफ्रेंस कर अखिलेश यादव ने कहा कि किसानों के साथ इस तरह का बर्ताव भाजपा को छोड़कर किसी भी पार्टी ने कभी नहीं किया। ये वही लोग हैं जिन्होंने किसानों से कहा था कि वे न केवल ऋण माफ करेंगे बल्कि ऐसी नीतियां लाएंगे जो किसानों की आय दोगुनी करेंगी।
 

01:18 PM, 28-Nov-2020

किसान दिल्ली आना चाहते हैं तो आने दें: सत्येंद्र जैन

किसानों के आंदोलन के बीच दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने बयान दिया है। उनका कहना है कि अगर किसान दिल्ली आना चाहते हैं तो उन्हें आने दीजिए।

01:13 PM, 28-Nov-2020

किसानों ने फूंका पीएम मोदी का पुतला

सिंघु बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने गुस्से में बॉर्डर पर ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।

12:47 PM, 28-Nov-2020

किसानों के समर्थन में सामने आई कांग्रेस

आंदोलनरत किसानों के साथ अब कांग्रेस खुलकर खड़ी हो गई है। दिल्ली कूच के दौरान जीटी रोड पर कांग्रेस विधायकों व शीर्ष नेताओं ने किसानों को अपना पूरा समर्थन देते हुए तन-मन-धन से साथ निभाने का वादा किया। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सोनीपत के विधायक सुरेंद्र पंवार के जरिए किसान नेता व भाकियू अध्यक्ष गुरनाम चढूनी व किसानों को अपना संदेश भेजा। हुड्डा ने फिर तीन कृषि कानूनों के बारे में बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में कांग्रेस सरकार बनते ही तीनों कृषि कानूनों को खारिज किया जाएगा। एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य)  की गारंटी देंगे और किसानों की मांगें पूरी तरह जायज हैं। हम मांगों का समर्थन करते हैं।

12:21 PM, 28-Nov-2020

हम दिल्ली कूच कर रहे हैं: राकेश टिकैत

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसानों के मुद्दों पर समाधान निकालने में विफल रही है। अब हम दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं।
 

12:13 PM, 28-Nov-2020

डीएम और एसएसपी पुलिस बल के साथ पहुंचे यूपी गेट

बड़ी संख्या में अब किसान यूपी गेट भी पहुंचने लगे हैं। उनके पहुंचने की सूचना पर डीएम और एसएसपी भी पुलिस बल के साथ यूपी गेट पहुंच रहे हैं।

11:58 AM, 28-Nov-2020

शुक्रवार को भी हुई थी परेशानी

इससे पहले शुक्रवार को भी आंदोलन ज्यादा बढ़ने से केजीपी व केएमपी पर भी ट्रकों के पहिये थम गए थे। उससे राजस्थान व अन्य प्रदेशों का संपर्क भी रुक गया था। ऐसे में करीब तीन हजार ट्रक नेशनल हाईवे 44, केजीपी, केएमपी व अन्य मार्गों पर खड़े रहे थे।
 

11:52 AM, 28-Nov-2020

आंदोलन के कारण नेशनल हाईवे 44 पूरी तरह जाम

किसान आंदोलन के कारण नेशनल हाईवे 44 पूरी तरह से जाम है। वहीं किसानों के प्रदर्शन के कारण केजीपी, केएमपी एक्सप्रेस वे समेत अन्य मार्ग भी जाम हो गए। इससे इन सभी जगहों पर करीब तीन हजार ट्रक जाम में फंस गए और उनकी लंबी लाइन लग गई। इससे दिल्ली समेत कई राज्यों में फल, सब्जी व अन्य जरूरी सामान की सप्लाई बाधित हो गई है।

11:20 AM, 28-Nov-2020

किसान बोले- हम लौटकर घर नहीं जाएंगे

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पंजाब और हरियाणा से हजारों किसान इस आंदोलन में हिस्सा लेने के लिए यहां आए हैं। हम यहां से लौटकर अपने घर नहीं जाएंगे। हम यहीं डटे रहेंगे और अपने हक की लड़ाई लड़ेंगे।

11:15 AM, 28-Nov-2020

बैठक समाप्त, सिंघु बॉर्डर से नहीं हटेंगे किसान

सिंघु बॉर्डर पर किसानों की बैठक के बाद एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि हम दिल्ली से पंजाब जाने वाले मुख्य रास्ते पर ही प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि हम यहीं बैठकर प्रदर्शन करेंगे। हम सिंघु बॉर्डर से नहीं हटेंगे और यहीं अपनी लड़ाई जारी रखेंगे।
 

10:38 AM, 28-Nov-2020

समागम ग्राउंड जाने से किसानों ने किया इनकार

सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर इकट्ठा हुए किसानों ने बुराड़ी के निरंकारी ग्राउंड में जाकर विरोध प्रदर्शन करने से इनकार कर दिया है। वहीं दिल्ली पुलिस लगातार किसान नेताओं के संपर्क में है। उन्हें समझाने-बुझाने का प्रयास कर रही है।

09:19 AM, 28-Nov-2020

सिंघु बॉर्डर पर किसानों की बैठक जारी

दिल्ली-हरियाणा को जोड़ने वाले सिंघु बॉर्डर पर किसानों की बैठक जारी है। इस बैठक में किसान इसपर चर्चा कर रहे हैं कि उन्हें आगे का प्रदर्शन सीमा पर ही जारी रखना है कि बुराड़ी के समागम ग्राउंड में प्रदर्शन करना है।
 

09:17 AM, 28-Nov-2020

फतेहगढ़ साहीब से दिल्ली की ओर निकले किसान

पंजाब के फतेहगढ़ साहीब से भी बड़ी संख्या में किसान दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं। प्रदर्शनकारी किसान नए कृषि कानूनों का विरोध कर रहे हैं।
 
 

09:14 AM, 28-Nov-2020

टिकरी बॉर्डर पर सुरक्षाबल तैनात

प्रदर्शन करने के लिए बुराड़ी के निरंकारी समागम ग्राउंड में अनुमति मिलने के बावजूद किसान बड़ी संख्या में टिकरी बॉर्डर के पास इकट्ठे हो गए हैं। इस कारण से सीमा पर भारी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती कर दी गई है। 
 

08:40 AM, 28-Nov-2020

अमित शाह की बुराड़ी जाने की अपील पर बोले किसान- हमें हटाने की शर्त ठीक नहीं, कल लेंगे फैसला

सिंघु बॉर्डर पर डटे हुए हैं किसान
बुराड़ी के निरंकारी समागम ग्राउंड में विरोध प्रदर्शन करने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा अनुमति देने के बावजूद प्रदर्शनकारी किसान अभी भी सिंघु बॉर्डर पर डटे हुए हैं। उनमें से एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि हम सड़कों पर ही रहेंगे।
 


दिल्ली के बुराड़ी मैदान में प्रदर्शन की अनुमति
आज किसानों की बैठक होने वाली है। इसी बैठक में तय किया जाएगा कि किसान दिल्ली की ओर कूच करेंगे या वहीं पर प्रदर्शन जारी रखेंगे। मालूम हो कि किसानों को दिल्ली के बुराड़ी मैदान में प्रदर्शन की इजाजत मिल गई है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें