फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी बोले- UPA सरकार में देश कृषि बजट सिर्फ 15 हजार करोड़ था, अब नौ गुना अधिक

Mon, 28 Dec 2020 10:27 PM IST
पूजा त्रिपाठी अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली

खास बातें

नए कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की अलग-अलग सीमाओं पर प्रदर्शन कर रहे किसानों का आंदोलन आज 33वें दिन में प्रवेश कर चुका है। इस बीच कई दौर की वार्ता के बाद अब मंगलवार को किसान नेताओं और केंद्र सरकार की होने वाली बैठक अब बुधवार को होगी। इससे पहले किसान संगठनों ने रविवाल को ऐलान किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं हरियाणा के सभी टोल फ्री करेंगे। वहीं पंजाब में किसानों ने 1411 मोबाइल टावरों के कनेक्शन भी काट दिए। आज भी किसान आंदोलन के चलते दिल्ली की कई सीमाएं और रास्ते बंद रहेंगे। यहां पढ़ें दिनभर के अपडेट्स....
विज्ञापन
चिल्ला बॉर्डर पर किसान कर रहे 26 जनवरी के परेड की तैयारी - फोटो : योगेश शर्मा
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:27 PM, 28-Dec-2020

पंजाब : सुखबीर बादल का किसानों ने किया घेराव

गुरुद्वारा श्री फतेहगढ़ साहिब में सोमवार को नतमस्तक होने पहुंचे शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल को किसानों के जबरदस्त आक्रोश का सामना करना पड़ा। किसानों ने सुखबीर बादल की गाड़ी का घेराव कर नारेबाजी की। इस पर पुलिस उन्हें दूसरे रास्ते से ले गई। इसके बाद किसानों को समझाने पहुंचे अकाली नेताओं से धक्कामुक्की की गई। इस दौरान अकाली दल के जिला प्रधान जगदीप सिंह चीमा की पगड़ी उतर गई। इसके बाद दोनों ओर से पथराव शुरू हो गया जिसमें अकाली दल के तीन सदस्य जख्मी हो गए। 

10:15 PM, 28-Dec-2020

UPA सरकार में पूरे देश का कृषि बजट सिर्फ़ 15,000 करोड़ था

केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा कि UPA सरकार में पूरे देश का कृषि बजट सिर्फ़ 15,000 करोड़ रुपये था, नरेंद्र मोदी सरकार में कृषि बजट बढ़ाकर 1,35,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है। लेकिन कुछ लोगों द्वारा अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए किसानों को भ्रमित किया जा रहा है।  

10:09 PM, 28-Dec-2020

मोगा में चार किसान गिरफ्तार

मोगा के गांव अजीत सिंह में रविवार शाम कुछ किसानों ने जियो के टावर का कनेक्शन काट दिया था। इसके बाद वहां रखा जेनरेटर भी उखाड़ दिया। सूचना मिलते ही थाना सिटी पुलिस मौके पर पहुंची और चार किसानों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी की भनक लगते ही किसान नेताओं ने थाने का घेराव कर लिया। एक घंटे बाद पुलिस ने चारों को छोड़ दिया। 

विज्ञापन
09:54 PM, 28-Dec-2020

किसानों ने जियो के चार टावर बंद करवाए 

जालंधर के लम्मा पिंड रोड पर भारतीय किसान यूनियन के सैकड़ों किसानों ने इकट्ठा होकर जियो के चार टावरों की बिजली काट दी। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई थी लेकिन उन्होंने टावर बंद करवा रहे किसानों को नहीं रोका। इस दौरान किसानों ने केंद्र के खिलाफ नारेबाजी भी की। उन्होंने लम्मा पिंड रोड और आसपास लगे कई टावरों के मालिकों को इन्हें बंद करवाने का अल्टीमेटम दिया। उन्होंने कंपनियों को चेतावनी दी कि इन्हें दोबारा चालू करवाया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। 
 

09:36 PM, 28-Dec-2020

12000 स्क्वायर किलोमीटर में मोबाइल ठप

टावर एंड इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोवाइडर्स एसोसिएशन (टीएआईपीए) के अनुसार टावरों के कनेक्शन बाधित होने से पंजाब के अधिकांश जिलों में 12000 स्क्वायर किलोमीटर से अधिक क्षेत्र में दूर संचार सेवा बाधित हुई है। किसान लगातार टावरों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। सोमवार को किसानों ने 1600 मोबाइल टावरों को संचालित करने में उपयोग होने वाली तार को जला दिया।

विज्ञापन
09:01 PM, 28-Dec-2020

सीएम कैप्टन ने कार्रवाई के निर्देश

सोमवार को भी किसानों ने जालंधर सहित राज्य के अन्य शहरों में स्थापित जियो के 90 मोबाइल टावरों को निशाना बनाया। सोमवार को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब पुलिस को टावरों को क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
 

08:45 PM, 28-Dec-2020

आक्रोशित किसानों ने 24 घंटों के भीतर जियो के 90 मोबाइल टावरों को क्षतिग्रस्त किया

कृषि कानूनों के खिलाफ पंजाब में किसानों का प्रदर्शन लगातार जारी है। आक्रोशित किसानों ने 24 घंटों के भीतर जियो के 90 मोबाइल टावरों को क्षतिग्रस्त कर दिया है। इससे हजारों मोबाइल फोन ठप हो गए हैं। पिछले दो दिनों में पंजाब में किसानों ने 1500 जियो के मोबाइल टावरों को क्षतिग्रस्त किया है।

08:16 PM, 28-Dec-2020

एक महीने से विरोध प्रदर्शन कर रहे किसान: जागीर कौर

एसजीपीसी अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने कहा कि पंजाब-हरियाणा और देश के अन्य हिस्सों के हजारों किसान दिल्ली की विभिन्न सीमाओं पर एक महीने से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। वह इन तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग कर रहे हैं, जिन्हें सत्तारूढ़ भाजपा किसानों के हित में बता रही है।

08:06 PM, 28-Dec-2020

किसानों के विभिन्न धरनास्थलों पर लंगर और अन्य सेवाएं प्रदान कर रही है एसजीपीसी

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी दिल्ली सीमा पर किसानों के विभिन्न धरनास्थलों पर लंगर और अन्य सेवाएं प्रदान कर रही है। यह जानकारी एसजीपीसी अध्यक्ष बीबी जागीर कौर ने दी। उन्होंने बताया कि कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन में एसजीपीसी हरियाणा के गुरुद्वारों से लंगर की व्यवस्था कर रही है। इसके अलावा आवास, चिकित्सा सहायता और शौचालय की भी व्यवस्था की गई है। एसजीपीसी के सदस्य समय-समय पर दिल्ली सीमा पर इन सेवाओं का निरीक्षण भी करते हैं।

07:36 PM, 28-Dec-2020

मनमोहन सिंह, शरद पवार भी चाहते थे यह क़ानून बन जाए: तोमर

केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि दुख इस बात का है कि UPA के समय मनमोहन सिंह जी, शरद पवार जी भी चाहते थे यह क़ानून (कृषि क़ानून) बन जाए। लेकिन दबाव और प्रभाव का सामना नहीं कर पाए, इस कारण वे यह क़ानून बनाने का यश प्राप्त नहीं कर पाए।  

07:23 PM, 28-Dec-2020

'एक समय था हमारे पास गेंहू, धान, तिलहन का अभाव था'

कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि एक समय था हमारे पास गेंहू, धान, तिलहन का अभाव था। देश की आबादी बढ़ रही थी लेकिन हम अभाव से जूझ रहे थे। उस समय की सरकार, किसान संगठनों और वैज्ञानिकों ने प्रयास किया कि हमें देश में उत्पादन बढ़ाना चाहिए। अब हम उत्पादन में सरप्लस की स्थिति में है।  
 

07:04 PM, 28-Dec-2020

आईसीएआर पूसा संस्थान में बोले कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर 

आईसीएआर पूसा संस्थान में बोलते हुए कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारत सरकार द्वारा तीन कृषि कानूनों के सर्मथन में अनेक किसान संगठनों ने यहां पर कार्यक्रम कर जो समर्थन व्यक्त किया है मैं उसके लिए भारत सरकार की तरफ से आप सब का दिल से स्वागत करता हूं। 
 

06:37 PM, 28-Dec-2020

किसान आंदोलन के समर्थन में साइकिल से 225 किलोमीटर का सफर तय कर दिल्ली पहुंचा शिक्षक

पंजाब के एक सरकारी स्कूल में पढ़ाने वाले अध्यापक मनोज कुमार किसान आंदोलन के समर्थन में साइकिल से 225 किलोमीटर का सफर तय कर दिल्ली के टिकरी बॉर्डर पहुंचे हैं। मनोज का कहना है कि "हम सब को इकट्ठा होना पड़ेगा, यह केवल किसानों का आंदोलन नहीं यह एक लोकहित आंदोलन बन चुका है।"
 

06:21 PM, 28-Dec-2020

'30 दिसंबर को सरकार और किसानों की मीटिंग में क्या होता है वह हम देखेंगे'

एनसीपी अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि 30 दिसंबर को सरकार और किसानों की मीटिंग में क्या होता है वह हम देखेंगे। कोई रास्ता निकला तो खुशी होगी, नहीं निकला तो हमें बैठना होगा और सोचना होगा। 
 

06:10 PM, 28-Dec-2020

किसान संगठनों की केंद्र सरकार के नए प्रस्ताव पर बैठक जारी

किसान संगठनों के लिखित प्रस्ताव के जवाब में केंद्र सरकार ने लिखित जवाब भेजा है। केंद्र सरकार ने बुधवार 30 दिसंबर को दोपहर 2:00 बजे बैठक का प्रस्ताव रखा है। इससे पहले किसान संगठनों ने मंगलवार 29 दिसंबर को सुबह 11:00 बजे बैठक का प्रस्ताव रखा था। किसान संगठनों की केंद्र सरकार के नए प्रस्ताव पर बैठक जारी है। 
 

05:40 PM, 28-Dec-2020

112 बार रक्तदान देने वाले रामनिवास लोहान किसानों के समर्थन पहुंचे टिकरी बॉर्डर

112 बार ब्लड डोनेट कर चुके रामनिवास लोहान किसान आंदोलन को अपना समर्थन देने टिकरी बार्डर पर पहुंचे।

05:37 PM, 28-Dec-2020

टिकरी बॉर्डर आते वक्त सरपंच अमरपाल की हुई थी मौत, परिवार ने आंदोलन को दान किए 21 हजार

सरपंच प्रतिनिधि के परिवार ने किसानों के लिए 21 हजार रुपये दान किए हैं। सरपंच अमरपाल किसानों के समर्थन में टिकरी बॉर्डर आ रहे थे कि एक हादसे में उनकी जान चली गई। 

05:36 PM, 28-Dec-2020

टिकरी बॉर्डर पर बढ़ रहा किसानों का जमावड़ा

टिकरी बॉर्डर पर लगातार किसानों का जमावड़ा बढ़ रहा है। विभिन्न सामाजिक संगठनों से लेकर स्कूली बच्चे अन्नदाताओं के समर्थन में पहुंच रहे हैं। 

04:53 PM, 28-Dec-2020

पंजाबी गायिका रूपिंदर हांडा पहुंची यूपी गेट

पंजाबी गायिका रूपिंदर हांडा ने यूपी गेट पर किसान आंदोलन में पहुंचकर किसानों को समर्थन दिया। रूपिंदर ने गाने गाकर किसानों में उत्साह भरा। 

04:32 PM, 28-Dec-2020

बुधवार को होगी किसान नेताओं और किसानों की सातवें दौर की बैठक

मंगलवार यानी 29  दिसंबर को होने वाली किसान नेताओं और सरकार की बैठक अब 30 दिसंबर दोपहर दो बजे होगी। यह उनकी सातवीं बैठक होगी। गौरतलब है कि मंगलवार को बैठक का प्रस्ताव किसानों ने दिया था लेकिन सरकार ने इसे एक दिन के लिए बढ़ाकर 30 दिसंबर के लिए तय किया है। सूत्रों का कहना है कि सरकार बैठक के लिए अतिरिक्त समय इसलिए चाहती है ताकि वह कुछ ठोस मसौदा तैयार कर सके जो किसानों के सामने पेश किया जाएगा।

03:26 PM, 28-Dec-2020

25 किसान संगठनों ने कृषि मंत्री

करीब 25 किसान संगठनों ने आज केंद्रीय कृषि मंत्री से मुलाकात की और कृषि कानूनों के समर्थन में उन्हें पत्र सौंपा।
 

03:18 PM, 28-Dec-2020

आंदोलन में शामिल वकील ने जहर खाकर दी जान

हरियाणा के बहादुरगढ़ में किसान आंदोलन में शामिल पंजाब के वकील ने जहर खाकर जान दे दी थी। उनकी मौत की खबर से पंजाब के जलालाबाद में शोक की लहर दौड़ गई। वकील अमरजीत के घर सांत्वना देने वालों का तांता लग गया।

03:09 PM, 28-Dec-2020

ये कानून किसानों को आजादी देने वाले हैंः केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी

केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री कैलाश चौधरी ने किसानों के साथ होने वाली वार्ता के लिए कहा, हम आशावान हैं कि कल की बैठक में सफलता मिलेगी और हम एक समाधान तक पहुंच सकेंगे। अगर वो किसान के चश्मे से देखेंगे तो सफल परिणाम आएगा लेकिन राजनीतिक चश्मे से सफलता शायद न मिल सके। ये कानून किसान को आजादी देने वाले हैं।

02:31 PM, 28-Dec-2020

बुराड़ी में प्रदर्शन कर रहे किसानों ने निरंकारी समागम मैदान का नाम बदलकर किसानपुरा रख दिया है। यहां प्रदर्शन कर रहे एक किसान का कहना है कि हम 33 दिन से यहां प्रदर्शन कर रहे हैं, यह हमारे गांव की तरह हो गया है इसलिए हमने इसका नाम किसानपुरा रख दिया।
 

02:15 PM, 28-Dec-2020

अन्ना हजारे ने केंद्र के किसानों की मांग पूरी ना करने पर ‘अंतिम प्रदर्शन’ की धमकी दी

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने उनकी किसानों के संबंध में की गई मांगों के केंद्र द्वारा जनवरी अंत तक स्वीकार ना किए जाने पर भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी है। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के रालेगण सिद्धि गांव में अन्ना हजारे ने पत्रकारों से कहा कि वह किसानों के लिए पिछले तीन साल से प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन सरकार ने इन मुद्दों के समाधान के लिए कोई कदम नहीं उठाया।

01:54 PM, 28-Dec-2020

सिंघु बॉर्डर पर खुला मॉल किसानों के लिए सबकुछ है फ्री

सिंघु बॉर्डर पर किसान मॉल के नाम से कुछ लोगों ने प्रदर्शनकारी किसानों के लिए दुकान खोली है। यहां पर किसानों को हर तरह का सामान फ्री में दिया जा रहा है। जिस संस्था ने इसे शुरू किया है उनका कहना है कि यहां व्यवस्था बनाए रखने के लिए उनके वालेंटियर किसानों के बीच जाकर एक दिन पहले उन्हें टोकन बांटते हैं। फिर वही किसान टोकन लेकर अगले दिन सामान खरीदने आते हैं। इससे किसी बाहरी का इस मॉल में प्रवेेश संभव नहीं हो पाता।

01:15 PM, 28-Dec-2020

चिल्ला बॉर्डरः 26 जनवरी की परेड के लिए किसानों ने की रिहर्सल

चिल्ला बॉर्डर पर किसानों ने आज सूर्य प्रणाम और योगाभ्यास के साथ ही गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) की परेड के लिए रिहर्सल की।

12:57 PM, 28-Dec-2020

शव यात्रा निकालकर किसानों ने जताया रोष

किसान आंदोलन के 33वें दिन यूपी गेट पर किसानों ने कृषि कानूनाें के विरोध में शवयात्रा निकालकर गुस्सा जाहिर किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसानों से उनके द्वारा बनाया गया सांकेतिक शव छीन लिया। इस दौरान किसान और पुलिस के बीच हल्की धक्का-मुक्की भी हुई।

10:24 AM, 28-Dec-2020

किसानों के लिए जैसे शब्द इस्तेमाल कर रही सरकार वो पाप हैः प्रियंका गांधी वाड्रा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को कहा, जिस तरह के शब्द सरकार किसानों के लिए इस्तेमाल कर रही है वह पाप है। सरकार किसानों के प्रति उत्तरदायी है। सरकार को उनकी सुननी चाहिए और ये कानून वापस लेना चाहिए।
 

10:01 AM, 28-Dec-2020

निरंकारी समागम मैदान में डटे हैं प्रदर्शनकारी

दिल्ली में कृषि कानूनों के खिलाफ किसान प्रदर्शनकारी बुराड़ी के निरंकारी समागम ग्राउंड में डटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार चाहे कुछ भी कर ले लेकिन जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं तब तक हम आंदोलन खत्म नहीं करेंगे।
 

09:39 AM, 28-Dec-2020

सिंघु और औचंदी समेत ये बॉर्डर हैं बंद, ये रास्ते डायवर्ट

आज भी दिल्ली के सिंघु, औचंदी, पियाऊ मनियारी, सबोली और मंगेश बॉर्डर बंद रहेंगे। इसलिए इन रास्तों से जाने वालों को लामपुर साफियाबाद, पल्ला और सिंघु टोल टैक्स बॉर्डर के वैकल्पिक मार्ग से जाने की सलाह दी गई है। मुकरबा और जीटी करनाल रोड से ट्रैफिक डायवर्ट है इसलिए आउटर रिंग रोड, जीटी करनाल रोड और एनएच 44 से न जाने की सलाह है।

08:57 AM, 28-Dec-2020

केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी बोले- UPA सरकार में देश कृषि बजट सिर्फ 15 हजार करोड़ था, अब नौ गुना अधिक

किसान आंदोलन का 33वां दिन
दिल्ली की सीमाओं पर किसानों के आंदोलन का आज 33वां दिन है। हाड़ कंपा देने वाली ठंड में भी किसानों का हौंसला नहीं डिगा है। कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात के दौरान थाली बजाने वाले किसानों का कहना है कि हम अपना आंदोलन तब तक नहीं खत्म करेंगे जब तक तीनों कानूनों को निरस्त नहीं किया जाता और एमएसपी की कानूनी गारंटी नहीं दी जाती।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें