गुजरात से 250 नौजवान किसानों का जत्था मोटरसाइकिलों पर दिल्ली आ रहा है। आंदोलन को तेज करना हमारी मजबूरी है क्योंकि केंद्र सरकार हमारे मुद्दों पर संजीदगी से काम नहीं ले रही है: सिंघु बॉर्डर से किसान नेता बलदेव सिंह
पंजाब के गुरदासपुर से भाजपा सांसद और अभिनेता सनी देओल ने कहा कि मैं भाजपा और किसान दोनों के साथ खड़ा हूं, सरकार हमेशा किसानों की बेहतरी के बारे में सोचती है।
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर एमओएस कैलाश चौधरी और एमओएस परषोत्तम रुपाला के साथ बैठक कर रहे हैं।
किसान आंदोलन के मद्देनजर एनसीपी प्रमुख शरद पवार 9 दिसंबर को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मुलाकात करेंगे।
भारतीय किसान यूनियन (लोकशक्ति) के सदस्यों ने अर्धनग्न अवस्था में दिल्ली कूच करना शुरू किया।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि जो हमारा पेट भरता है, जो हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ है उसके साथ इतना बड़ा खिलवाड़ हो रहा है। किसान हज़ारों-लाखों की संख्या में दिल्ली के पास कड़ाके की सर्दी में बैठे हैं और कोई सुनने वाला नहीं है।
गाजीपुर बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष राकेश टिकैत के साथ आगामी 26 जनवरी को ट्रैक्टरों के साथ इंडिया गेट का रुख किया जाएगा।
दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय ने कहा कि आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से 8 दिसंबर को किसानों के नेतृत्व वाले भारत बंद का समर्थन करने का आग्रह किया है। हमारा देश कृषि प्रधान देश है, मैं लोगों से भी आग्रह करूंगा कि वे अपना समर्थन भी दिखाएं।
गाजीपुर बॉर्डर पर भी किसानों का प्रदर्शन जारी है। रविवार को किसान नेता राकेश टिकैत वहां पहुंचे और किसानों को संबोधित किया।
सिंघु बॉर्डर पर किसान लगातार डटे हुए हैं। एक बार फिर किसान संगठन आपस में बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे। प्रदर्शन स्थल पर भीड़ इतनी है, लेकिन संक्रमण से बचाव के लिए किसी तरह के एहतियात नहीं बरते जा रहे हैं।
किसानों के भारत बंद आंदोलन को लेकर तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने बयान दिया है। उन्होंने कहा कि आठ दिसंबर को होने वाले भारत बंद में टीआरएस किसानों के समर्थन में खड़ी है।
पुलिस ने जानकारी दी कि मुकरबा और जीकेटी रोड से ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। इसके साथ ही आउटर रिंग रोड, जीकेटी रोड और एनएच 44 का इस्तेमाल न करने की भी सलाह दी गई है।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जानकारी दी है कि सिंघु, औचंदी, पियाओ मनियारी और मंगेश बॉर्डर पूरी तरह से बंद हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग 44 भी दोनों ओर से बंद है। इसलिए लोगों को लामपुर, साफियाबाद, साबोली, एनएच 8, भोपरा, अप्सरा बॉर्डर या पेरीफेरल एक्सप्रेसवे के रास्तों का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।
सरकार के साथ शनिवार को पांचवें दौर की वार्ता में कोई हल न निकलने पर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने देर रात अमर उजाला से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सरकार मंडी और कॉन्ट्रेक्ट फार्मिंग पर बात करना चाहती थी। लेकिन किसान प्रतिनिधिमंडल कृषि कानून वापसी पर अड़ा रहा। टिकैत ने कहा कि अब 8 दिसंबर को भारत बंद में किसानों की ताकत दिखेगी।
कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों का विरोध गाज़ीपुर बॉर्डर (उत्तर प्रदेश-दिल्ली बॉर्डर) पर जारी है। किसानों और केंद्र सरकार के बीच छठे दौर की वार्ता 9 दिसंबर को होगी।
किसान आंदोलन आज अपने 11वें दिन में प्रवेश कर चुका है। दिल्ली और एनसीआर के तमाम शहरों की सीमाओं पर किसान आंदोलन चल रहा है जिसकी वजह से कई रास्ते बंद हैं, हालांकि कई रास्ते खुले हैं।
दिल्ली यातायात पुलिस रविार को बताया कि कालिंदी कुंज, सूरज कुंड, बदरपुर और आया नगर सीमाएं दोनों ओर से आवागमन के लिए खुली हैं।
बॉर्डरों के अलावा प्रदर्शन के लिए निर्धारित बुराड़ी के निरंकारी समागम मैदान में भी किसानों का प्रदर्शन जारी है। आज लगातार 11वें दिन किसान समागम मैदान में प्रदर्शन कर रहे हैं।
दिल्ली में ठंड ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आज का न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस होने की संभावना है। इतनी ठंड के बावजूद भी किसान अपने प्रदर्शन स्थल पर बैठे हुए हैं।
सिंघु बॉर्डर पर आज भी डटे हुए हैं किसान
दिल्ली हरियाणा को जोड़ने वाले सिंघु बॉर्डर पर किसान अभी भी बड़ी संख्या में मौजूद हैं। उन्होंने बॉर्डर को पूरी तरह बंद कर दिया है। किसानों का कहना है कि जब तक तीनों कानून वापस नहीं लिए जाते तब तक उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।