फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

किसान आंदोलन: कृषि मंत्री से मिले हरियाणा के किसान, नए कृषि कानूनों का किया समर्थन

Mon, 07 Dec 2020 10:23 PM IST
प्राची प्रियम न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

कृषि कानूनों के विरोध में बैठे किसानों का प्रदर्शन लगातार जारी है। किसान हर हाल में तीनों कानूनों को निरस्त करवाने के लिए डटे हुए हैं। इसके समर्थन में किसान संगठनों ने आठ दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। देश भर में किसानों द्वारा बुलाए गए इस बंद को समर्थन मिल रहा है। तमाम राजनीतिक पार्टियां किसानों के समर्थन में सामने आई हैं। इसके साथ ही सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। यहां पढ़ें किसान आंदोलन से संबंधित हर अपडेट-
विज्ञापन
किसानों ने भैंस के आगे बीन बजाने का कार्यक्रम आयोजित किया, पंजाब में प्रदर्शन करते किसान - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:22 PM, 07-Dec-2020

हिसार से दिल्ली जा रहे किसानों की ट्रॉली को ट्रक ने मारी टक्कर, एक की मौत

किसान आंदोलन में शामिल होने जा रहे हिसार के छान गांव निवासियों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोहतक के गांव खरावड़ पुल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली पलट गई। हादसे में छान गांव की सरपंच के जेठ राममेहर (45) की मौत हो गई। जबकि नौ घायल हो गए। सभी को अस्पताल ले जाया गया।
 

10:13 PM, 07-Dec-2020

सुरक्षा के चाक-चौबंद बंदोबस्त

भारत बंद के एलान को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के चाक-चौबंद बंदोबस्त किए हैं। यमुना एक्सप्रेसवे पर एक कंपनी पीएसी के साथ सात थानों का पुलिस बल मुस्तैद रहेगा। हाईवे पर भी एक प्लाटून पीएसी के जवान पुलिस के साथ तैनात रहेंगे। मथुरा-वृंदावन के प्रमुख चौराहे और तिराहे पर भी पीएसी-पुलिस के जवान नजर बनाए रखेंगे। 
 

09:58 PM, 07-Dec-2020

सपा कार्यकर्ता करेंगे पैदल मार्च

मथुरा में किसानों के भारत बंद के समर्थन में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता मांट में पैदल मार्च करेंगे। सपा नेता और एमएलसी डॉ. सजंय लाठर ने बताया कि मंगलवार को सपा कार्यकर्ता जाबरा से मांट तक पैदल मार्च करेंगे। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं से पैदल मार्च में शामिल होने की अपील की है। 
 

विज्ञापन
09:50 PM, 07-Dec-2020

किसानों के 'भारत बंद' को मथुरा के वकीलों का समर्थन

मथुरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील शर्मा और सचिव सुनील चतुर्वेदी के नेतृत्व में संगठन ने निर्णय लिया है कि क्लेम कोर्ट को फैज-ए-आम डिग्री कॉलेज से हटाने के लिए विरोध कर रहे वकीलों और भारत बंद के समर्थन में बार एसोसिएशन मथुरा के समस्त अधिवक्ता मंगलवार को न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे। इसकी लिखित सूचना जिला जज, जिलाधिकारी के अलावा क्लेम कोर्ट के जज को भी दे दी है। 

09:40 PM, 07-Dec-2020

पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि एमएसपी और मंडी व्यवस्था रहेगी: कंवल सिंह चौहान 

प्रगतिशील किसान क्लब सोनीपत के अध्यक्ष कंवल सिंह चौहान ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से मुलाकात के बाद कहा कि विरोध कर रहे किसानों को गुमराह किया जा रहा है। पीएम मोदी ने भरोसा दिलाया कि एमएसपी और मंडी व्यवस्था रहेगी।
 

विज्ञापन
09:32 PM, 07-Dec-2020

किसान संगठनों द्वारा आठ दिसंबर को बुलाए गए भारत बंद से पहले केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर से हरिणाया के किसान मिले हैं। उन्होंने नए कृषि कानूनों का समर्थन किया है। 
 

09:09 PM, 07-Dec-2020

प्रकाश सिंह बादल ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

पंजाब के पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल ने पीएम मोदी को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि मैं किसानों के संकट में रहने से बहुत चिंतित हूं। मुझे लगता है कि अगर सरकार ने किसानों पर वास्तव में ईमानदार प्रतिक्रिया पर अधिक ध्यान दिया होता तो इस मुद्दे से बेहतर तरीके से निपटा जा सकता था। सरकार पहल के बारे में सोचे। पत्र में आगे इन तीन कृषि अधिनियमों पर सवाल उठाते हुए कहा है कि इन कानूनों ने देश को गहरी उथल-पुथल में धकेल दिया है, ये मुद्दा अकेले किसानों का नहीं है बल्कि पूरे देश के आर्थिक ताने-बाने को प्रभावित करता है।
 

08:58 PM, 07-Dec-2020

किसानों के साथ-साथ कल डॉक्टरों का भी प्रदर्शन

देश भर में किसानों का भारत बंद होने के साथ मंगलवार को  डॉक्टरों का विरोध प्रदर्शन भी होने जा रहा है। आयुर्वेद छात्रों को मिली सर्जरी करने की अनुमति के खिलाफ इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की ओर से राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन की अपील की गई है जिसे लेकर दिल्ली में अलग अलग अस्पतालों में डॉक्टर एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
 

08:48 PM, 07-Dec-2020

किसानों ने भाजपा दफ्तर का शिलान्यास रोका

शिअद से समझौता टूटने के बाद पंजाब में भाजपा अपने राजनीतिक विस्तार में जुटी है। पार्टी को सोमवार को न्यू अमृतसर में नए दफ्तर का शिलान्यास करना था। इसकी सूचना जब किसानों को लगी तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर नारेबाजी शुरू कर दी और भाजपा नेताओं को शिलान्यास कार्यक्रम को रोककर वहां से लौटना पड़ा। किसान नेता सरवन सिंह पंधेर ने कहा कि जहां-जहां भाजपा के नेता कार्यक्रम करेंगे, किसान खुलेआम विरोध करेंगे। 
 

08:39 PM, 07-Dec-2020

शिवराज सिंह का कांग्रेस पर हमला

किसानों के भारत बंद पर हैदराबाद में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा कि कांग्रेस की नाव डूब रही है और इसीलिए वे किसानों को गुमराह करके खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं
 

08:28 PM, 07-Dec-2020

भारत बंद पर यूपी के डीजीपी के सख्त निर्देश

नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसान पिछले कई दिनों से दिल्ली के बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, किसान संगठनों ने आठ दिसंबर को केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ भारत बंद का आवाह्न किया है। सोमवार को गृह विभाग ने डीजीपी को पत्र लिखकर दुकानें जबरन बंद कराने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। निर्देश में स्पष्ट कहा गया है कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे किसी की भी जबरन दुकान बंद नहीं हो, किसी के साथ मारपीट न की जाए। डीजीपी ने यूपी में सभी एडीजी जोन, आई रेंज और एसपी-एसएसपी को अराजक तत्वों के साथ सख्ती से निपटने के निर्देश दिए गए हैं।
 

08:20 PM, 07-Dec-2020

भाजपा विधायक ने किया किसानों का समर्थन

हरदोई जिले में अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चित गोपामऊ से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने  कृषि बिल को लेकर किसानों का समर्थन किया है। खुद को किसान और किसान पुत्र बताते हुए विधायक ने कहा है कि किसानों की उचित मांगे मानते हुए कानून में आवश्यक संशोधन किए जाने चाहिए।
 

08:11 PM, 07-Dec-2020

भारत बंद में किसानों को शिअद (लोकतांत्रिक) ने दिया समर्थन

आठ दिसंबर को किसानों के भारत बंद के आह्वान को शिअद (लोकतांत्रिक) ने समर्थन देने की घोषणा की है। पार्टी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद सुखदेव सिंह ढींढसा ने सभी कार्यकर्ताओं से किसानों के देशव्यापी बंद में साथ खड़े रहने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों के साथ उनकी पार्टी हमेशा खड़ी रहेगी।
 

08:02 PM, 07-Dec-2020

शिअद ने किसानों के भारत बंद को दिया समर्थन

शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कार्यकर्ताओं के साथ-साथ पंजाबियों से अपील की है कि कृषि कानूनों को रद्द करवाने के लिए किसान संगठनों के साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने केंद्र सरकार के खिलाफ अन्नदाता की लड़ाई बताते हुए कहा कि मुझे विश्वास है कि जन आंदोलन केंद्र को किसानों की मांगों के सामने झुकने के लिए मजबूर कर देगा।
 

07:46 PM, 07-Dec-2020

पंजाब में बंद रहेंगे सभी पेट्रोल पंप

पेट्रोल पंप डीलर्स पंजाब ने किसानों के भारत बंद को समर्थन देने का एलान किया है। संगठन के अध्यक्ष परमजीत सिंह दोआबा ने बताया कि आठ दिसंबर को पंजाब के सभी पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। केवल आपातकालीन सेवाओं के लिए ही तेल उपलब्ध होगा। अधिक वैट के कारण पंजाब में किसानों को निकटवर्ती राज्यों से महंगा तेल खरीदना पड़ता है।

07:39 PM, 07-Dec-2020

रागी सिंह भी देंगे किसानों को समर्थन 

अमृतसर के श्री हरमंदिर साहिब में कीर्तन करने वाले हजूरी रागी सिंहों और शिरोमणि रागी सभा से जुड़े कीर्तनियों ने भी कृषि कानूनों के खिलाफ संघर्ष कर रहे किसानों को समर्थन देने की घोषणा की है। यह पहली बार है कि रागी सिंहों ने किसी आंदोलन में कूदने की घोषणा की है। शिरोमणि रागी सभा के संरक्षक भाई रविंद्र सिंह और भाई ओंकार सिंह ने अमृतसर में कहा कि उनकी संस्था से जुड़े सभी रागी सिंह किसानों द्वारा किए जा रहे धरना-प्रदर्शन में हाजिरी भरकर आंदोलन में सहयोग देंगे। रागी सिंह अलग-अलग समय में धरने पर हाजिरी भरकर गुरबाणी और कीर्तन करेंगे। इस दौरान जो भी रागी सिंह गुरुघरों की ड्यूटी निभा रहे हैं, उनका समर्थन भी किसानों के साथ होगा। 

07:29 PM, 07-Dec-2020

किसानों के हक में खाली प्लेट लेकर धरने पर बैठीं बच्चियां

लुधियाना के भारत नगर चौक पर जगरांव शहर से आए परिवार ने किसानों के समर्थन में धरना दिया। धरने में शामिल छह वर्ष की सीरत और तीन वर्ष की रावी हाथों में खाली प्लेट लेकर यही संदेश दे रही थी कि अगर किसान नहीं रहे तो आम लोग पेट कैसे भरेंगे। जगरांव के कच्चा मलक रोड निवासी सुखविंदर सिंह ने बताया कि वह फ्लोर मिल चलाते हैं। उनके पास खेती के लिए जमीन नहीं है, लेकिन वह एक बात जानते हैं कि केंद्र सरकार ने किसानों के खिलाफ तीन काले कानून बना दिए हैं। एक कारोबारी होने के नाते उनका फर्ज है कि वह किसानों का साथ दें। सुखविंदर ने बताया कि उनकी पत्नी गुरप्रीत कौर, सीरत, रावी भी किसानों के पक्ष में हैं। बुधवार को केंद्र सरकार के साथ किसानों की बैठक होगी। बुधवार की बैठक में कोई हल नहीं निकला तो वह वीरवार को दोबारा अपने परिवार के साथ यहां पर धरना देंगे। 
 

07:25 PM, 07-Dec-2020

पीएम ने आश्वासन दिया है कि एमएसपी जारी रहेगा: खट्टर

हरियाणा के सीएम एमएल खट्टर ने कहा कि विपक्षी दल किसानों के नाम पर तुच्छ राजनीति कर रहे हैं, यह निंदनीय है। सार्वजनिक और किसानों को यह समझना चाहिए कि किसानों की प्रगति के लिए बनाए गए कानूनों को लागू करने में कोई बुराई नहीं है। पीएम ने आश्वासन दिया है कि एमएसपी जारी रहेगा। 

07:16 PM, 07-Dec-2020

ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने किया चक्का जाम करने का फैसला

लुधियाना से पंजाब ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के प्रधान चरणजीत सिंह लोहारा ने कहा कि ऑल इंडिया मोटर ट्रांसपोर्ट कांग्रेस ने किसानों के समर्थन में 8 दिसंबर को चक्का जाम करने का फैसला किया है। परिवहन संघ, ट्रक यूनियन, टेंपो यूनियन सभी ने बंद को सफल बनाने का फैसला किया है। यह बंद पूरे भारत में होगा।
 
 

07:07 PM, 07-Dec-2020

यह एक शांतिपूर्ण बंद होगा: किसान नेता 

दिल्ली-हरियाणा सिंघु बॉर्डर पर किसान नेता डॉ. दर्शन पाल ने कहा कि कल पूरे दिन बंद रहेगा। दोपहर 3 बजे तक चक्का जाम होगा। यह एक शांतिपूर्ण बंद होगा। हम अपने मंच पर किसी भी राजनीतिक नेताओं को अनुमति नहीं देने पर दृढ़ हैं। 
 

07:01 PM, 07-Dec-2020

हमारा विरोध केवल पंजाब तक सीमित नहीं है: किसान नेता 

सिंघु बॉर्डर से किसान नेता निर्भय सिंह ने कहा कि हमारा विरोध केवल पंजाब तक सीमित नहीं है। दुनिया भर के नेता भी हमें समर्थन दे रहे हैं। हमारा शांतिपूर्ण विरोध है
 

06:52 PM, 07-Dec-2020

पूरा देश केंद्र के खिलाफ खड़ा है: बीबी जागीर कौर 

अमृतसर में श्री हरमंदिर साहिब परिसर में स्थित शहीद बाबा गुरुद्वारा गुरबक्श सिंह में भी अरदास-कीर्तन समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में श्री दरबार साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी जगतार सिंह व एसजीपीसी की अध्यक्ष बीबी जागीर कौर शामिल हुईं। ज्ञानी जगतार सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की मांगों को माने और कृषि कानूनों को वापस ले। बीबी जागीर कौर ने कहा कि पूरा देश केंद्र सरकार के अड़ियल रवैये के खिलाफ खड़ा हो चुका है। यूएनओ, कनाडा सहित कई देशों ने किसानों के आंदोलन का समर्थन किया है। एसजीपीसी ने पूरे पंजाब में किसान आंदोलन को सफल बनाने के लिए अरदास की है।

06:48 PM, 07-Dec-2020

पंजाब के सभी गुरुद्वारों में हुई अरदास

कृषि कानून के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन को सफल बनाने के लिए शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) ने सभी ऐतिहासिक गुरुद्वारा साहिबान में अरदास-कीर्तन आयोजन किया। पूरे पंजाब में सोमवार को सुबह आठ बजे से नौ बजे तक स्थानीय गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों द्वारा संचालित गुरुद्वारा साहिबान में किसानों के समर्थन में अरदास की गई।

06:42 PM, 07-Dec-2020

भारत बंद को निजी स्कूल संचालकों का समर्थन

किसानों व सरकार के बीच गत दिवस बेनतीजा रही वार्ता के बाद रविवार को प्रदेश भर के हजारों स्कूल संचालक किसानों के आंदोलन का समर्थन करने सिंघु बॉर्डर पहुंचे। स्कूल संचालकों ने किसानों के आठ दिसंबर के भारत बंद का भी समर्थन किया है। इस दिन निजी स्कूल ऑनलाइन कक्षाएं नहीं लगाएंगे। 

06:34 PM, 07-Dec-2020

हरियाणा में भारत बंद को कांग्रेस का समर्थन

हरियाणा कांग्रेस ने आठ दिसंबर को किसानों के भारत बंद का पूर्ण समर्थन किया है। कांग्रेस अध्यक्ष कुमारी सैलजा के निर्देशानुसार मंगलवार को प्रदेश और जिला स्तर पर विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। यह जानकारी प्रदेश कांग्रेस महासचिव डॉ. अजय चौधरी ने दी।

06:25 PM, 07-Dec-2020

सरकारी कर्मचारी भारत बंद में होंगे शामिल

हरियाणा के कर्मचारी संगठन किसानों के भारत बंद में शामिल होंगे। रविवार को सर्व कर्मचारी संघ ने इसका एलान कर दिया। लगभग सभी कर्मचारी संगठन आठ दिसंबर को लंच टाइम में सभी विभागों में गेट मीटिंग एवं प्रदर्शन करेंगे। संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा व महासचिव सतीश सेठी ने बताया कि भारत बंद का सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के अलावा हरियाणा कर्मचारी महासंघ व हरियाणा कर्मचारी संयुक्त मंच ने भी समर्थन किया है। 

06:19 PM, 07-Dec-2020

भारत बंद में रेलवे की सबसे बड़ी यूनियन शामिल हुई: मेधा पाटकर

अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति (एआईकेएससीसी) की वरिष्ठ सदस्य और नर्मदा बचाओ आंदोलन की अध्यक्ष मेधा पाटकर ने सोमवार को सिंघु बॉर्डर पर कहा कि भारत बंद में रेलवे की सबसे बड़ी यूनियन शामिल हुई। कृषि कानून वापस नहीं लिए गए तो रेलवे के कर्मचारी भी विरोध करेंगे। 
 

06:11 PM, 07-Dec-2020

'गुजरात में किसानों और APMC की तरफ से भारत बंद को सपोर्ट नहीं'

गुजरात CM विजय रूपाणी ने कहा कि गुजरात में किसानों और APMC की तरफ से भारत बंद को सपोर्ट नहीं है। गुजरात में ऐसी कोई स्थिति नहीं है। कल ये बंद सफल नहीं रहेगा। सरकार ने भी पूरी व्यवस्था की है कि बंद के नाम पर कोई हिंसक घटना न घटे।
 

05:55 PM, 07-Dec-2020

आज़ादपुर मंडी समेत दिल्ली की सभी मंडियों के व्यापारियों ने दिया किसानों को समर्थन

आज़ादपुर मंडी के चेयरमैन आदिल अहमद खान ने बताया कि किसानों द्वारा 8 दिसम्बर को भारत बंद के समर्थन में आज़ादपुर मंडी समेत दिल्ली की सभी मंडियों के व्यपारियों ने मंडी में व्यापार बंद करने का फैसला लिया है, आज़ादपुर मंडी के सभी गेटों पर व्यापारियों ने भारत बंद के समर्थन में बैनर लगाए हैं।
 

05:31 PM, 07-Dec-2020

‘भारत बंद’ में शामिल नहीं होंगे व्यापारी, ट्रांसपोर्टर: कैट, एआईटीडब्ल्यूए

व्यापारियों के संगठन कनफेडेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) और ट्रांसपोर्टरों के संगठन आल इंडिया ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसियेसन (एआईटीडब्ल्यूए) ने किसान संगठनों द्वारा मंगलवार को बुलाए गए ‘भारत बंद’ से अलग रहने की घोषणा की है। कैट ने सोमवार को कहा कि नए कृषि कानूनों के खिलाफ मंगलवार को किसानों के ‘भारत बंद’ के दौरान दिल्ली और देश के अन्य हिस्सों में बाजार खुले रहेंगे। वहीं एआईटीडब्ल्यू ने भी घोषणा की है कि ‘भारत बंद’ के दौरान परिवहन या ट्रांसपोर्ट क्षेत्र का परिचालन सामान्य बना रहेगा।

05:26 PM, 07-Dec-2020

लोगों को स्वेच्छा से किसानों के ‘भारत बंद’ का समर्थन करना चाहिए : शिवसेना

शिवसेना के सांसद संजय राउत ने सोमवार को कहा कि किसानों द्वारा मंगलवार को किया गया ‘भारत बंद’ का आह्वान गैर राजनीतिक है और देश के लोगों को कृषकों के प्रति समर्थन प्रकट करने के लिए स्वेच्छा से उसमें भाग लेना चाहिए। राउत ने इस बंद के प्रति शिवसेना का समर्थन भी दोहराया। शिवसेना के अलावा सत्तारूढ़ महाराष्ट्र विकास आघाड़ी के दो अन्य घटकों--राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी और कांग्रेस ने भी इस बंद का समर्थन करने की घोषणा की है।

05:16 PM, 07-Dec-2020

दिल्ली के सभी जिला अदालतों के वकील करेंगे भारत बंद का समर्थन

जिला अदालतों के कॉर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन संजीव नासियार ने बताया कि दिल्ली के सभी जिला अदालतों की कॉर्डिनेशन कमेटी ने भारत बंद के समर्थन का आह्वान किया है। दिल्ली के सभी जिला अदालतों के वकील शांतिपूर्ण तरीके से किसानों का समर्थन करेंगे।
 

05:13 PM, 07-Dec-2020

गुजरात नहीं करता भारत बंद का समर्थनः विजय रूपाणी

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने कहा कि गुजरात किसानों द्वारा बुलाए गए भारत बंद का समर्थन नहीं करता है। अगर कोई जबरन दुकानें बंद कराने या अन्य राज्य इकाई को बंद कराने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
 

05:01 PM, 07-Dec-2020

सिंघु पर जारी है मेडिकल कैंप की सुविधा

दिल्ली की सीमा पर चल रहे किसानों का आंदोलन 12वें दिन में प्रवेश कर चुका है। आज भी वहां मेडिकल कैंप चलाया गया। कैंप के एक डॉक्टर ने बताया कि हमने 400 मरीजों को देखा है और उन्हें जरूरी इलाज मुहैया  कराया है।
 

04:50 PM, 07-Dec-2020

अखिलेश यादव ने पूछा कब लाएंगे वो एमएसपी जो दोगुनी कर दे किसानों की आय

किसान आंदोलन के समर्थन में लखनऊ से कन्नौज जा रहे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद अखिलेश यादव ने सरकार से कृषि कानूनों को वापस लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि केंद्र को बताना चाहिए कि वो ऐसा न्यूनतम समर्थन मूल्य(एमएसपी) कब लाएंगे जो किसानों की आमदनी दोगुनी कर दे।

04:38 PM, 07-Dec-2020

दिनभर बंद की रणनीति तैयार करने में जुटे रहे किसान

सोमवार को यूपी गेट पर किसान भारत बंद की तैयारी में जुटे रहे। कल दिन में 11:00 बजे से 3:00 बजे तक किसान चक्का जाम करेंगे। किसानों का कहना है कि कैब तक नहीं चलने देंगे। दुकानों को भी बंद रखेंगे। वहीं डायवर्जन को लेकर अधिकारी अभी मीटिंग कर रहे हैं, देर शाम बताएंगे कि कल कौन सा रूट बंद रहेगा कौन सा खुला रहेगा और कौन सा डायवर्ट रहेगा। राकेश टिकैत ने कहा कि यह बंद 4 घंटे का किसान कर्फ्यू है जिसे जन समर्थन प्राप्त है।

03:52 PM, 07-Dec-2020

यूपीए सरकार करना चाहती थी कृषि कानूनों में बदलावः योगी आदित्यनाथ

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपीए ने कृषि कानूनों में बदलाव की बात कही थी। आज विरोध करने वाले उस समय के कानून के साथ थे। कानून में संशोधन के लिए यूपीए सरकार की ओर से राज्यों को पत्र भेजे गए थे। विपक्ष किसानों को अपना हथियार बना रही है। वहीं सीएम योगी ने आप पर भी आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी जो दिल्ली में इस कानून को लागू कर चुकी है वो भी इस कानून का विरोध कर रही है।

03:45 PM, 07-Dec-2020

कृषि कानून पर विपक्ष ने भ्रम फैलायाः योगी आदित्यनाथ

सीएम योगी आदित्यनाथ ने कृषि कानून पर सरकार का समर्थन करते हुए एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की जिसमें वह विपक्षी पार्टियों पर भ्रम फैलाने का आरोप लगा रहे हैं। इसके साथ ही उनका कहना है कि जब कांग्रेस सरकार में थी तो वह मंडियां खत्म करना चाहती थी।

03:43 PM, 07-Dec-2020

नोएडाः सपा के 43 नेता गिरफ्तार

समाजवादी पार्टी के 43 नेता और कार्यकर्ताओं को नोएडा के सलारपुर के पास से गिरफ्तार किया गया। सभी गिरफ्तार नेताओं और कार्यकर्ताओं को सूरजपुर पुलिस लाइन ले जाया गया है। इनके खिलाफ कोतवाली सेक्टर-49 में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

03:36 PM, 07-Dec-2020

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्यों को भारत बंद के मद्देनजर भेजी एडवाइजरी

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने 8 दिसंबर को कुछ संगठनों द्वारा बंद के आह्वान के मद्देनजर राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को एडवाइजरी भेजी है। किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने और कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के दिए निर्देश हैं।

03:34 PM, 07-Dec-2020

महाराष्ट्रः टैक्सी यूनियन नहीं होगी भारत बंद में शामिल

महाराष्ट्र की टैक्सी यूनियन ने कल भारत बंद के दौरान किसी हड़ताल का आह्वान नहीं किया है। महाराष्ट्र में कैब और ऑटो सामान्य रूप से चलेंगे।
 

 

03:30 PM, 07-Dec-2020

महाराष्ट्रः भारत बंद के दौरान चलेंगी बेस्ट की बसें

बृहनमुंबई इलेक्ट्रिक सप्लाई एंड ट्रांसपोर्ट(बेस्ट) ने बयान जारी किया है कि कल यानी 8 दिसंबर को होने वाले भारत बंद के दौरान उनकी बसें चलती रहेंगी। वह भारत बंद में हिस्सा नहीं ले रही है। कल बसें सुरक्षात्मक तौर पर लोहे की रॉड व अन्य उपकरणों से लैस रहेंगी।
 

03:27 PM, 07-Dec-2020

कर्नाटक कांग्रेस ने किया किसानों के भारत बंद का समर्थन

कर्नाटक के कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार ने कहा है कि हम किसानों के भारत बंद का समर्थन करते हैं क्योंकि यह हमारी अर्थव्यवस्था का बड़ा सहारा हैं। पूरा देश उन्हें समर्थन देगा। हम विश्वभर के विभिन्न नेताओं का धन्यवाद करते हैं जिन्हें किसानों का समर्थन किया है।
 

03:12 PM, 07-Dec-2020

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने पार्टी नेताओं से बंद को समर्थन देने की अपील की

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा है कि वह कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समान सोच रखने वाले लोगों से अपील करते हैं कि किसानों के भारत बंद को पूरी तरह से समर्थन दें ताकि आत्ममुग्ध सरकार की आंख और कान खुल जाए।
 

02:59 PM, 07-Dec-2020

सीएआईटी नहीं लेगी भारत बंद में हिस्साः प्रवीण खंडेलवाल

कंफेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स(सीएआईटी) के सेक्रेटरी जनरल प्रवीण खंडेलवाल ने कहा है कि भारत के व्यापारी और ट्रांसपोर्टर कल होने वाले भारत बंद में हिस्सा नहीं लेंगे। हमें सरकार और किसानों के बीच चली रही वार्ता पर पूरा विश्वास है कि कोई न कोई सकारात्मक नतीजा जरूर निकलेगा।
 

02:48 PM, 07-Dec-2020

दिल्ली पुलिस ने अवॉर्ड वापसी के लिए जा रहे खिलाड़ियों को रास्ते में रोका

किसान आंदोलन के समर्थन में और कृषि कानूनों के विरोध में अपने अवार्ड वापस करने राष्ट्रपति भवन जा रहे खिलाड़ियों को दिल्ली पुलिस ने रास्ते में रोक लिया। पहलवान करतार सिंह ने बताया कि हम 30 खिलाड़ी पंजाब और अन्य राज्यों से हैं जो अवार्ड वापस करना चाहते हैं।
 

02:44 PM, 07-Dec-2020

अकाल तख्त में किसानों के लिए की गई अरदास

पंजाब में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने आज अकाल तख्त, अमृतसर में किसानों के समर्थन में अरदास का आयोजन किया।
 

02:37 PM, 07-Dec-2020

पंजाबः किसान मजदूर संघर्ष समिति ने किया भाजपा के नए कार्यालय की जमीन के पास प्रदर्शन

किसान मजदूर संघर्ष समिति ने आज अमृतसर में उस जगह प्रदर्शन किया जहां भाजपा ने अपने नए कार्यालय की नींव पूजा की है। पुलिस का कहना है कि दोनों दल अपने-अपने दावे कर रहे हैं। इसमें कोई समस्या नहीं है और स्थिति नियंत्रण में है।
 

02:26 PM, 07-Dec-2020

महाराष्ट्रः नवी मुंबई और वाशी में कल बंद रहेगी एपीएमसी मंडी

महाराष्ट्र के नवी मुंबई के एपीएमसी मंडी के अध्यक्ष राजेंद्र शेल्के ने बताया कि वाशी और नवी मुंबई की एपीएमसी मंडी में आठ दिसंबर को जल्द खराब होने वाले सामानों की आपूर्ति बंद रहेगी। यह फैसला किसानों के भारत बंद को समर्थन देने के लिए किया गया है।
 

02:09 PM, 07-Dec-2020

रविशंकर प्रसाद ने ये भी कहा कि केंद्र सरकार ने देश को डिजिटल मंडियां दीं। उन्होंने एक बार फिर आश्वासन दिया कि किसानों की जमीन न तो बिकेगी न तो बंधक बनेगी। जो हमने किया कांग्रेस भी दस साल वही कर रही थी। शरद पवार भी उन्हीं कृषि सुधारों की बात कर रहे थे।

02:06 PM, 07-Dec-2020

किसान आंदोलन पर सरकार ने विपक्ष पर निशाना साधा

भाजपा ने कहा कि कांग्रेस व अन्य विपक्षी दल किसान आंदोलन पर दोहरा रवैया अपना रहे हैं। कांग्रेस का दोहरा चेहरा जनता के सामने आ गया है। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि कांग्रेस ने अपने मेनिफेस्टो में वादा किया था कि वह एपीएमसी मंडियां खत्म कर देगी। उस वक्त सपा, टीडीपी, लेफ्ट, एनसीपी सब कांग्रेस के साथ थे।

01:57 PM, 07-Dec-2020

हापुड़ः भारत बंद के समर्थन में सपाइयों ने निकाली साइकिल रैली, प्रदर्शन

हापुड़ में भारत बंद व किसानों के समर्थन में सोमवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं साइकिल रैली का आयोजन किया। कार्यकर्ता जिला कार्यालय से तहसील चौपले पर पहुंचे और प्रदर्शन शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं के हंगामे के कारण सड़क पर जाम लग गया। सपा के कार्यक्रम को देखते हुए फ्रीगंज रोड तहसील चौपले के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। करीब आधा घंटा हंगामे के बाद पुलिस ने सपा जिला अध्यक्ष तेजपाल प्रमुख के साथ करीब 50 कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर कोतवाली ले गई। प्रदर्शन के कारण शहर की सड़कों पर जाम लग गया। पुलिस ने रूट डाइवर्ट कर वाहनों को बाईपास से बाहर निकाला।

01:40 PM, 07-Dec-2020

चिल्ला बॉर्डर पर पहुंची भैंस तो किसान भैंसों संग करने लगे प्रदर्शन

नोएडा के चिल्ला बॉर्डर पर धरनारत किसानों के बीच पहुंची भैंस तो उसे वहां से हटाने के बजाय किसान उसी के साथ प्रदर्शन करने लगे। तस्वीर में प्रदर्शन करते भारतीय किसान यूनियन भानु के किसान।

01:35 PM, 07-Dec-2020

अखिलेश यादव गिरफ्तार

कृषि कानून के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों के समर्थन में आज समाजवादी पार्टी ने आंदोलन करने का आह्वान किया था। इसी के बाद पार्टी के कई नेताओं को नजरबंद कर दिया गया और सपा मुखिया अखिलेश यादव को हिरासत में ले लिया गया है और उन्हें इको गार्डन ले जाया गया है।

01:26 PM, 07-Dec-2020

दलित प्रेरणास्थल पर आयोजित होगा भैंस के आगे बीन बजाने का कार्यक्रम

आज दोपहर 2.00 बजे दलित प्रेरणास्थल पर प्रदर्शन कर रहे किसान 'भैंस के आगे बीन बजाने' का कार्यक्रम आयोजित करेंगे।

01:05 PM, 07-Dec-2020

सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक रहेगा बंदः राकेश टिकैत

भाकियू नेता राकेश टिकैत ने कहा है कि कल का भारत बंद सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक रहेगा। दफ्तर जाने वाले सुबह 11 बजे से पहले पहुंच जाएं और शाम 4.00 बजे के बाद ही दफ्तर से निकलें।

 

12:14 PM, 07-Dec-2020

पंजाब के कांग्रेस सांसद जंतर-मंतर पर कर रहे प्रदर्शन

पंजाब से आए कांग्रेस के सांसद जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। वह मांग कर रहे हैं कि संसद का शीतकालीन सत्र बुलाया जाए जिसमें किसानों के मुद्दे पर बहस हो। सांसद मनीष तिवारी ने कहा कि संसद का सत्र बुलाया जाए, किसान विरोधी कानून पर दोबारा विचार हो और इसे वापस लिया जाए। सरकार सत्र से दूरी बना रही है और यह लोकतंत्र के खिलाफ है।
 

11:51 AM, 07-Dec-2020

हम किसानों के साथ लेकिन बंगाल में बंद का नहीं करेंगे समर्थनः टीएमसी सांसद सौगत रॉय

तृणमूल कांग्रेस के सांसद सौगत रॉय ने कहा है कि हमारी पार्टी पूरी तरह से किसानों के आंदोलन के साथ है लेकिन हम पश्चिम बंगाल में भारत बंद का समर्थन नहीं करेंगे। यह हमारे मूल्यों के खिलाफ है।
 

11:39 AM, 07-Dec-2020

राहुल गांधी ने फिर किया केंद्र पर हमला

राहुल गांधी ने सोमवार को एक बार फिर ट्वीट कर किसान आंदोलन को लेकर सरकार के रवैये पर अंगुली उठाते हुए निशाना साधा है। उन्होंने लिखा, ‘अदानी-अंबानी कृषि कानून’ रद्द करने होंगे। और कुछ भी मंजूर नहीं!
 

10:59 AM, 07-Dec-2020

हम पहले दिन से किसानों के साथः केजरीवाल

केजरीवाल सिंघु बॉर्डर जरूर पहुंचे लेकिन वह मुख्य मंच तक नहीं जा पाए। गौरतलब है कि किसान किसी भी राजनीतिक दल को मुख्य मंच तक नहीं आने देते। केजरीवाल ने यहां पहुंचकर कहा कि, हम शुरू से किसान आंदोलन के साथ खड़े हैं। मैं किसानों की मांग से सहमत हूं। मुझे लगता है उनकी सभी मांग जायज है। सरकार को उनकी बात माननी चाहिए। मैं आज यहां मुख्यमंत्री बनकर नहीं आया। मैं यहां उनका सेवक बनकर आया हूं। मैंने यहां की व्यवस्था भी देखी है। कुछ पानी की दिक्कत है। उसे ठीक कर लिया जाएगा। उन्होंने भारत बंद पर कहा कि, हम भारत बंद का समर्थन कर रहे हैं। आप के सभी कार्यकर्ता को इसमें शांतिपूर्वक शामिल रहना है। हम इस बंद को सफल बनाएंगे। जब किसान आंदोलन शुरू हुआ तो मुझे 9 स्टेडियम को जेल बनाने के लिए कहा गया। मगर हमने नहीं माना। मुझे कई फोन आए। बहुत दबाव भी था। मगर मैंने अपने जमीर की सुनी। मुझे लगता है कि उस फैसले के कारण किसान आंदोलन को मजबूती मिली है। केंद्र का प्लान था किसानों को जेल में डालने का। मगर मंजूरी नहीं मिलने से आंदोलन मजबूत हुआ है।

10:50 AM, 07-Dec-2020

लखनऊः सपा के दो एमएलसी गिरफ्तार

लखनऊ में समाजवादी पार्टी के एमएलसी राजपाल कश्यप और आशु मलिक जब विक्रमादित्य मार्ग स्थित पार्टी दफ्तर जाने का प्रयास कर रहे थे तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। राजपाल कश्यप ने इस पूछा कि पुलिस हमें क्यों रोक रही है? यह अघोषित इमरजेंसी है। आखिर अखिलेश जी को क्यों रोका जा रहा है?
 

10:42 AM, 07-Dec-2020

सिंघु बॉर्डर पर लगे भारत माता की जय के नारे

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने किसानों से बातचीत की और उनकी परेशानी के बारे में पूछा। उनके सिंघु बॉर्डर पर पहुंचने पर भारत माता की जय और इंकलाब जिंदाबाद के नारे भी लगे।
 
 

10:37 AM, 07-Dec-2020

सिंघु बॉर्डर पर पहुंचे केजरीवाल

दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर मुख्यमंत्री केजरीवाल पहुंच चुके हैं। वह यहां अपनी पूरी कैबिनेट के साथ किसानों से मिलने और सरकार द्वारा किए इंतजामों का जायजा लेने पहुंचे हैं। वह इस समय किसानों से मुलाकात कर रहे हैं।

10:32 AM, 07-Dec-2020

टीकरी बॉर्डर पर भी डटे हैं किसान

टीकरी बॉर्डर पर भी किसान 12वें दिन डटे हुए हैं। किसानों ने तीनों कृषि कानूनों को वापस लिए जाने की मांग करते हुए 8 दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। वहीं सरकार और किसानों के बीच 9 दिसंबर को छठे दौर की बातचीत होगी।
 

10:04 AM, 07-Dec-2020

सिंघु बॉर्डर के लिए रवाना हुए केजरीवाल

दिल्ली के सिंघु बॉर्डर पर किसानों के लिए दिल्ली सरकार द्वारा किए इंतजामों का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल अपनी कैबिनेट के साथ रवाना हो गए हैं। वह सिंघु बॉर्डर पहुंचकर किसानों से मिलने के साथ ही सरकार के सभी इंतजामों का निरीक्षण करेंगे।
 

08:56 AM, 07-Dec-2020

सील किया गया सपा कार्यालय

सोमवार सुबह लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय को पूरी तरह सील कर दिया गया है। सूचना थी कि सपा कार्यकर्ता आज आंदोलनरत किसानों के समर्थन में कूच करने वाले हैं। 

08:40 AM, 07-Dec-2020

आज सिंघु बॉर्डर जाएंगे केजरीवाल

दिल्ली के मुख्यमंत्री आज सिंघु बॉर्डर पर आंदोलनरत किसानों से मुलाकात करने के लिए पहुंचेंगे। उनके साथ दिल्ली सरकार के और भी मंत्री रहेंगे। मालूम हो कि आज लगातार 12वें दिन किसान सिंघु बॉर्डर पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
 

08:21 AM, 07-Dec-2020

मायावती ने किया भारत बंद का समर्थन

मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने ट्वीट कर भारत बंद का समर्थन किया। उन्होंने लिखा कि कृषि से संबंधित तीन नए कानूनों की वापसी को लेकर पूरे देश भर में किसान आंदोलित हैं व उनके संगठनों ने 8 दिसंबर को 'भारत बंद' का जो एलान किया है, बसपा उसका समर्थन करती है। साथ ही, केंद्र से किसानों की मांगों को मानने की भी पुनः अपील।
 

08:20 AM, 07-Dec-2020

किसान आंदोलन: कृषि मंत्री से मिले हरियाणा के किसान, नए कृषि कानूनों का किया समर्थन

गौतमबुद्धनगर में धारा 144 लागू
गौतमबुद्धनगर पुलिस ने जानकारी दी है कि जिले में सीआरपीसी की धारा 144 के तहत प्रतिबंध लागू किए गए हैं। नोएडा के पुलिस आयुक्त ने मंगलवार को किसानों द्वारा बुलाए गए भारत बंद को देखते हुए इसका अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें