अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। लाडपुर गांव में रविवार को आयोजित महापंचायत में दिल्ली देहात के किसानों ने सर्कल रेट, मुआवजे और मास्टर प्लान-2041 को लेकर सरकार के खिलाफ आर-पार के संघर्ष का एलान किया है। कई गांवों से बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने कहा कि 18 साल पुराने सर्कल रेट के आधार पर उनकी जमीन लेने की किसी भी कोशिश को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किसान संघर्ष सर्कल रेट कमेटी के अध्यक्ष सत्यवान ने कहा कि वर्तमान सर्कल रेट 53 लाख रुपये है और 18 साल पुराने सर्कल रेट के आधार पर उनकी जमीनों का अधिग्रहण करने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि जमीन का मौजूदा बाजार मूल्य और परिस्थितियों को ध्यान में रखकर किसानों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए। दिल्ली मास्टर प्लान कमेटी के चेयरमैन और दिल्ली देहात विकास मंच के प्रमुख भूपेंद्र बजाड़ ने सरकार को चेतावनी दी कि अन्याय बर्दाश्त नहीं करेंगे। जब तक किसानों के सर्कल रेट और मुआवजे का मुद्दा पूरी तरह हल नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने मास्टर प्लान-2041 को जल्द अधिसूचित करने की मांग उठाई।
विधायक गजेंद्र दलाल ने महापंचायत में कहा कि वह एक-दो दिन में मुख्यमंत्री से किसानों की मुलाकात कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि मांगों के समाधान में देरी या किसी तरह की दिक्कत आने पर वह किसानों के लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण संघर्ष में उनके साथ खड़े रहेंगे। पूर्व विधायक सुरेंद्र कुमार ने भी किसानों की मांगों का समर्थन किया।