शव को पोस्टमार्टम व पहचान के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुजेसर स्थित डाबरी पार्क में बुधवार रात किसी ने गला रेतकर 35 वर्षीय युवक की हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार की सुबह शव को लहूलुहान अवस्था में पार्क से बरामद किया। अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। मामले की जांच चार टीमें कर रही हैं। साथ ही पुलिस पार्क के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की भी जांच की रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डाबरी पार्क सेक्टर-24 औद्योगिक क्षेत्र में है। पार्क में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। जिसके चलते इस पार्क में हर समय नशा करने वाले लोगों का जमावड़ा रहता है। बृहस्पतिवार की सुबह ड्यूटी जाने वाले लोगों ने शव देखा तो सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद मुजेसर थाने की पुलिस, फोरेंसिक टीम और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंच गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम व पहचान के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया।
शव के पास मिली शराब की खाली बोतल
पुलिस को शव के आसपास शराब की खाली बोतलें और गिलास मिले हैं। जिससे आशंका जताई जा रही है कि पहले युवक ने कुछ लोगों के साथ मिलकर शराब का सेवन किया। उसके बाद किसी बात को लेकर हुए विवाद के चलते उसकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 35 साल है। उसके सिर पर गंभीर चोटें के निशान हैं। आशंका है कि किसी पत्थर या भारी वस्तु से उसके सिर पर वार किया गया हो।
-
महिला ने देखा था शराब पीते हुए
घटना से पहले एक महिला ने पुलिस को बताया कि वह कूड़ा उठाने का काम करती है। उसने बीते बुधवार को दिन में करीब एक से डेढ़ बजे के बीच मरने वाले युवक को पार्क में शराब पीते हुए देखा था। महिला ने बताया कि वह आस-पास ही रहता था और संभवत किसी कंपनी में मजदूरी करता था।
नहीं हुई पहचान
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि सेक्टर-24 के डाबरी पार्क में एक युवक का शव पड़ा है। जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि युवक की हत्या की गई है, क्योंकि उसके गले पर धारदार हथियार से काटने के निशान हैं और सिर पर भी गंभीर चोटें हैं। अभी मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। मृतक के पास किसी प्रकार के कोई दस्तावेज भी नहीं पाए गए हैं। पुलिस आसपास की कंपनियों के अंदर पूछताछ कर रही है।