कॉलेजों में शुरू हुईं तैयारियां, आयोजन की जल्द हो सकती है आधिकारिक घोषणा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में युवाओं की प्रतिभा को मंच देने वाले यूथ फेस्टिवल का इंतजार अब खत्म होने वाला है। यूथ फेस्टिवल के आयोजन को लेकर प्रशासन की ओर से जल्द ही औपचारिक घोषणा की जा सकती है। इसको लेकर कई कॉलेजों में तैयारियां शुरू हो गईं हैं और छात्र-छात्राओं में उत्साह देखा जा रहा है।
यूथ फेस्टिवल हर साल जिले के युवाओं के लिए सांस्कृतिक, साहित्यिक और कलात्मक प्रतिभा दिखाने का बड़ा मौका होता है। इस बार भी कॉलेजों में रिहर्सल, नाट्य प्रस्तुति, नृत्य, गायन और भाषण जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारियां जोरों पर हैं। छात्र-छात्राएं न केवल भाग लेने को लेकर उत्साहित हैं, बल्कि वे अपनी-अपनी टीमों के साथ प्रदर्शन करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। फेस्टिवल की संभावित घोषणा से पहले ही कॉलेजों में रिहर्सल शुरू हो गया है।
छात्रों ने बताया कि वे यूथ फेस्टिवल को लेकर काफी उत्साहित हैं। बीकॉम की एक छात्रा ने बताया कि वह क्लासिकल डांस में हिस्सा लेने वाली हैं। उसे पहली बार मंच पर जाने का मौका मिलेगा। वहीं, अन्य ने बताया कि हमारी टीम नुक्कड़ नाटक की तैयारी कर रही है। हम सामाजिक मुद्दों को उठाकर संदेश देना चाहते हैं।
यूथ फेस्टिवल की तिथि को लेकर अंतिम स्तर पर विचार किया जा रहा है। अगले कुछ दिनों में सूचना आ सकती है। छात्र काफी उत्साहित हैं और अभी से रिहर्सल करना शुरू कर दिया है। - डॉ. मीनू दुआ, प्रधानाचार्य, केएल मेहता दयानंद कॉलेज